देश के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने चोटिल होने के कारण चीन ओपन सुपर सीरीज से हटने का फैसला किया है और वह एक हफ्ते के आराम के बाद हांगकांग ओपन सुपर सीरीज से वापसी करेंगे। इस टूर्नामेंट में उनके पास रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंचने का मौका होगा। विश्व रैंकिंग में फिलहाल दूसरे स्थान पर काबिज श्रीकांत नागपुर में सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के दौरान चोटिल हो गये थे, जिसके बाद उन्होंने एक सप्ताह का विश्राम करने का फैसला किया।
श्रीकांत ने कहा, मैं चीन ओपन (14 से 19 नवंबर ) से हट रहा हूं। मेरी मांसपेशियों में खिंचाव है और चिकित्सकों ने मुझे एक सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है। यह राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के दौरान हुआ। मैं लगातार खेल रहा हूं इसलिये यह थोड़ा और बुरा हो गया। लेकिन एक सप्ताह में मैं ठीक हो जाऊंगा। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाइ) ने हालांकि कहा कि यह महज संयोग ही श्रीकांत को राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के दौरान चोट लगी क्योंकि इसके आयोजन की तारीख की घोषणा शीर्ष खिलाड़ियों से सलाह के बाद की गयी थी।
बीएआई के महासचिव अनूप नांरग ने कहा, यह कहना गलत होगा कि राष्ट्रीय चैम्पियनशिप श्रीकांत की चोट के लिये जिम्मेदार थी और इसका आयोजन सही समय पर नहीं किया गया। प्रतियोगिता की तारीख की घोषणा शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों के परामर्श से की गयी थी, वे इसमें भाग लेना चाहते थे। अगर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप नहीं होती तो इनमें से कई खिलाड़ी मकारू ओपन में खेल रहे होते। श्रीकांत राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में एच.एस प्रणय से हार गये थे। वह 18 अक्तूबर से लगातार बैंडमिंटन खेल रहे।


Download Android App
Download iOS App



