इंडियन मैसी के नाम से मशहूर हो गये sunil chhetri की अगुवाई में भारतीय फुटबाल टीम चार देशों के हीरो इंटरकांटिनेंटल कप टूर्नामेंट में गुरूवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले में जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी। भारत ने अपने पहले मैच में चीनी ताइपे को 5-0 से हराया था जिसमें छेत्री ने हैट्रिक दागी थी। भारत ने फिर केन्या को 3-0 से हराया जिसमें छेत्री ने दो गोल किये। केन्या के खिलाफ मैच छेत्री का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच था और उनके अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 61 पहुंच चुकी है।
छेत्री अर्जेंटीना के सुपर स्टार लियोनल मैसी के 64 अंतरराष्ट्रीय गोलों की बराबरी से तीन कदम दूर हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैच में वह यह उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। चार देशों के इस टूर्नामेंट में भारत 97 फीफा रैंकिंग के साथ सर्वाधिक रैंकिंग वाली टीम है। केन्या 111वें, चीनी ताइपे 121वें और न्यूजीलैंड 133वें स्थान पर है। भारत लगातार दो जीत के साथ फाइनल में स्थान पक्का कर चुका है। न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचने के लिये जीत हासिल करने की जरूरत है। न्यूजीलैंड ने केन्या से।2 से हारने के बाद चीनी ताइपे को।0 से हराया। केन्या भारत के खिलाफ अपना मुकाबला हार चुका है और उसका अंतिम लीग मैच आठ जून को चीनी ताइपे से होना है। केन्या को भी फाइनल में पहुंचने के लिये अपना अंतिम मैच जीतना है।
मुंबई इंटरनेशनल एरेना में चल रहे इस टूर्नामेंट में भारत का गोल औसत +8 है और वह जीत के साथ फाइनल में उतरना चाहेगा। कप्तान छेत्री ने जिस तरह केन्या के खिलाफ मैच से पहले दर्शकों से भारी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की अपील की थी उसे देखते हुये न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच भी केन्या मुकाबले की तरह भरा रहने की उम्मीद है। पहले मैच में मात्र ढाई हजार दर्शक मौजूद थे लेकिन छेत्री की अपील के बाद स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था। इस टूर्नामेंट का फाइनल 10 जून को खेला जाना है।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



