लगातार ओलंपिक में दो पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय पहलवान सुशील कुमार ने तीन साल के लंबे अंतराल के बाद मैट पर सफल वापसी करते हुए 62वीं पुरुष फ्रीस्टाइल प्रतियोगिता में 74 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग में शुक्रवार को नया चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। सुशील के अलावा इस प्रतियोगिता में उतरी रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने भी राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
साक्षी ने 62 किग्रा वर्ग में पूजा तोमर को 10-0 से हराया। दंगल फेम गीता फोगाट ने भी रवीरा को चित कर स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता के दूसरे सभी निगाहें सिर्फ और सिर्फ सुशील तथा साक्षी पर लगी हुई थी। बीजिंग ओलंपिक 2008 में कांस्य पदक जीतने वाले और लंदन ओलंपिक 2012 में रजत पदक जीतने वाले सुशील 2014 के ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद पहली बार किसी टूर्नामेंट में उतर रहे थे।
सुशील के दबदबे का आलम यह रहा कि फाइनल समेत उनके तीन प्रतिद्वंद्वी पहलवानों ने उन्हें वाकओवर दे दिया। सुशील ने अपने शुरुआती दो मुकाबले जीते और अगले तीन मुकाबलों में उन्हें वाकओवर मिल गया। सुशील की कुश्ती देखने के लिए स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था और सुशील ने अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया। सुशील ने अपने पहले दो राउंड के मुकाबले जीतने में ढाई मिनट से भी कम का समय लगाया।
उन्होंने पहले राउंड में मिजोरम के लालमलसावमा को 48 सेकेंड में ही लगातार 10 अंक बटोरकर धो दिया। उन्होंने दूसरे राउंड में मुकुल मिश्रा को एक मिनट 45 सेकेंड में ही चित कर दिया। उन्हें क्वार्टरफाइनल में वाकओवर में मिला और फिर सेमीफाइनल में सचिन दहिया ने भी वाकओवर दे दिया।
ओलंपिक पदक विजेता पहलावान का फाइनल में अपने छत्रसाल स्टेडियम अखाड़े के साथी पहलवान प्रवीण राणा से मुकाबला था और राणा ने भी सुशील को वाकओवर दे दिया। सुशील ने इस तरह स्वर्ण पदक के साथ मैट पर सफल वापसी कर ली। ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक ने अपनी श्रेष्ठता कायम रखते हुए 62 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया।
एशियाई चैंपियनशिप की रजत विजेता साक्षी ने फाइनल में पूजा तोमर को एकतरफा अंदाज में 10-0 से पीटकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। साक्षी ने पहले राउंड में अपनी प्रतिद्वंद्वी को मात्र 39 सेकेंड में चित कर दिया था। इस बीच दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और आमिर खान की दंगल से लोकप्रियता पाने वाली गीता फोगाट ने हरियाणा की रवीरा को चित कर स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता के पहले दिन विनेश फोगाट और रितू फोगाट ने भी स्वर्ण पदक जीते थे।


Download Android App
Download iOS App



