बर्मिंघम : इंग्लैंड के कप्तान जो रूट आज सबसे कम उम्र में 6000 टेस्ट रन पूरे करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गये। रूट ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान 40वां रन पूरा करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। वह 6000 टेस्ट रन पूरे करने वाले दुनिया के 65वें और इंग्लैंड के 15वें बल्लेबाज हैं।
अपना 70वां टेस्ट मैच खेल रहे रूट अभी 27 साल 214 दिन के हैं और वह 6000 रन के मुकाम पर पहुंचने वाले तीसरे युवा बल्लेबाज हैं। सचिन तेंदुलकर ने 26 साल 331 दिन और रूट के साथी एलिस्टेयर कुक ने 27 साल 33 दिन में यह मुकाम हासिल किया था। रूट ने हालांकि टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद केवल 2058 दिन में 6000 रन का आंकड़ा छू दिया जो कि रिकार्ड है। कुक ने इसके लिये 2168 दिन का समय लिया था और रूट से पहले यह रिकार्ड उन्हीं के नाम पर दर्ज था।


Download Android App
Download iOS App



