नई दिल्ली : आस्ट्रेलियाई आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने कहा कि पिछले चार या पांच साल से लगातार खेलते रहने के कारण वह मानसिक और शारीरिक तौर पर काफी थक चुके थे जिसके कारण उन्हें अक्टूबर में मानसिक स्वास्थ्य की वजह से विश्राम लेने को मजबूर होना पड़ा। मैक्सवेल श्रीलंका के खिलाफ पहले दो मैच खेलने के बाद अपने मानसिक स्वास्थ्य के कारण क्रिकेट से हट गये थे।
उन्होंने कहा कि जब मैंने हटने का फैसला किया तो मैं काफी थका हुआ था। मैंने विश्राम लेने का फैसला क्यों किया इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि मैं मानसिक और शारीरिक तौर पर बुरी तरह थक चुका था। मैक्सवेल ने कहा मैं कि लगातार आठ महीने से व्यस्त था और पिछले चार-पांच वर्षों से ऐसा हो रहा था। मैं लगातार खेल रहा था और उस समय यह थकान मुझ पर हावी हो गयी थी।
उन्होंने कहा कि मैं वास्तव में क्रिकेट आस्ट्रेलिया, क्रिकेट विक्टोरिया और स्टार्स का आभार व्यक्त करना चाहूंगा जिन्होंने मुझे खेल से बाहर रहने की अनुमति दी और मुझे सही स्थिति में लौटने के लिये समय दिया। मैक्सवेल ने कहा कि वह उनकी महिला मित्र थी जिसने सबसे पहले उनमें बदलाव महसूस किया।
उन्होंने कहा, ‘‘असल में वह मेरी महिला मित्र थी जिसने मुझे किसी से सलाह लेने के लिये कहा। सबसे पहले उसे मेरे अंदर बदलाव का अहसास हुआ और मैं उसका आभार व्यक्त करता हूं। शुरुआती बातचीत के बाद ही मुझे लगा कि जैसे मेरे कंधों से भारी बोझ उतर गया।


Download Android App
Download iOS App



