ईस्ट लंदन : कप्तान प्रियम गर्ग के अर्धशतक के बावजूद भारत अंडर-19 टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और अंतिम युवा एकदिवसीय मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत अंडर -19 टीम ने पहले दोनों मैच जीतकर इस मैच से पहले ही 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली थी लेकिन वह क्लीन स्वीप नहीं कर पायी। भारत ने इस तरह से 2-1 से सीरीज जीती।
भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर आठ विकेट पर 192 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 48.2 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 42 रन तक उसके तीन विकेट निकल गये। इसके बाद गर्ग (52) और तिलक वर्मा (25) ने चौथे विकेट के लिये 58 रन जोड़े। भारतीय टीम के तिहरे अंक में पहुंचते ही गर्ग पवेलियन लौट गये।
इसके बाद निचले क्रम के सभी बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे लेकिन वे अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाये। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से फेकु मोलेतसेन ने 36 रन देकर दो विकेट लिये और दो बल्लेबाजों को रन आउट किया। दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद जोनाथन बर्ड की 121 गेंदों पर खेली गयी 88 रन की नाबाद पारी की मदद से दस गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर दिया।
उनके अलावा सलामी बल्लेबाज एंड्रयू लोउ ने 31 और जैक लीस के 29 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से यशस्वी जायसवाल ने 41 रन देकर दो विकेट लिये। भारतीय टीम जनवरी में अंडर-19 विश्व कप में भाग लेगी जिसमें उसे ग्रुप ए में रखा गया है। भारत अपना पहला मैच 19 जनवरी को श्रीलंका से खेलेगा।


Download Android App
Download iOS App



