कोलकाता : यूपी योद्धा ने कराे या मरो मुकाबले में गुरूवार रात बंगाल वारियर्स को 41-25 से धूल चटाकर प्रो कबड्डी लीग के छठे संस्करण के प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया। यूपी योद्धा की इस जीत से गत तीन बार के चैंपियन पटना पाइरेट्स की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गयी। पटना को कल गुजरात फार्च्यूनजायंट्स से मिली हार का खामियाजा भुगतना पड़ा।
पटना की हार के बाद यूपी को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपना मुकाबला जीतना था और उसके योद्धाओं ने निर्णायक प्रदर्शन करते हुए बंगाल के खिलाफ शानदार जीत हासिल की। यूपी टीम के 22 मैचों से 57 अंक रहे और वह जोन बी में तीसरे स्थान पर रहा। पटना की टीम 55 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहकर प्लेऑफ की होड़ से बाहर हो गयी। पटना की टीम इस तरह प्रो कबड्डी लीग के इतिहास में पहली बार प्लेऑफ नहीं खेलेगी।
जोन ए से गुजरात फार्च्यूनजायंट्स (93), यू मुम्बा (86) और दबंग दिल्ली (68) ने प्लेऑफ में जगह बनायी जबकि जोन बी से बेंगलुरु बुल्स (78), बंगाल वारियर्स (69) और यूपी योद्धा (57) ने प्लेऑफ में जगह बनायी।छठे संस्करण के प्लेऑफ मुकाबले 30 दिसम्बर को कोच्चि में शुरू होंगे। पहले एलिमिनेटर में यूपी योद्धा का मुकाबला यू मुम्बा से होगा जबकि दूसरे एलिमिनेटर में दिल्ली और बंगाल की टीमें आमने सामने होंगी। 31 दिसम्बर को खेले जाने वाले पहले क्वालीफायर में गुजरात का मुकाबला बेंगलुरु से होगा।
यूपी की जीत में कप्तान रिशांक देवाडिगा ने नौ अंक बनाये जबकि श्रीकांत जाधव ने छह और नीतेश कुमार ने छह अंक बनाये। यूपी ने आधे समय तक 19-11 की बढ़त बनाकर मैच पर पकड़ बना ली थी। जिसे उन्होंने दूसरे हाफ में और मजबूत कर योद्धा की तरह प्लेऑफ में जगह बना ली। यूपी की आठ मैचों में यह आठवीं जीत और बंगाल की 22 मैचों में आठवीं हार रही।
इससे पहले बेंगलुरु ने अंतर जोन वाइल्ड कार्ड मुकाबले में जयपुर पिंक पैंथर्स को 40-32 से हराया। बेंगलुरु की 22 मैचों में यह 13वीं जीत रही जबकि जयपुर की 22 मैचों में 13वीं हार रही और वह जोन ए में पांचवें स्थान पर रहा।


Download Android App
Download iOS App



