विराट-बुमराह की वनडे रैंकिंग में बादशाहत कायम, रोहित शर्मा नंबर दो पर बरकरार

Summary :

वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी बादशाहत को कायम रखा है।

वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी बादशाहत को कायम रखा है। आईसीसी ने वनडे क्रिकेट की ताजा रैंकिंग जारी की है उसमें शीर्ष स्‍थान पर विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह कायम हैं। 
कप्तान विराट कोहली वनडे क्रिकेट में बल्‍लेबाजों की रैंकिंग में जहां पहले स्‍थान पर हैं वहीं भारतीय टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा दूसरे स्‍थान पर आ गए हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह ने पहले स्‍थान पर बरकारर हैं। 

वनडे की ताजा रैंकिंग में विराट कोहली 895 अंकों के साथ हैं ताे वहीं 863 अंकों के साथ दूसरे स्‍थान पर रोहित शर्मा हैं। बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीसरे स्‍थान पर 834 अंकों के साथ पाकिस्तान के बाबर आजम हैं। जबकि चौथे स्‍थान पर 820 अंकों के साथ साउथ अफ्रीका टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसिस हैं। इस लिस्ट में पांचवें स्‍थान पर 817 अंकों के साथ न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रॉस टेलर हैं। 
इस रैंकिंग में छह पायदान की छलांग लगाकर पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर सातवें स्‍थान पर आए हैं। श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में मोहम्मद आमिर ने चार विकेट लिए थे। जबकि दो पायदान का फायदा पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां को मिला जिसके बाद वह 16वें स्‍थान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के हारिस सोहेल को तीन पायदान का फायदा मिला है और वह रैंकिंग में 32वें स्‍थान पर पहुंच गए हैं। 
आईसीसी की टीम रैंकिंग में इंग्लैंड की टीम शीर्ष स्‍थान पर 125 अंकों के साथ बनी हुई है। भारत दूसरे स्‍थान पर 122 अंकों के साथ है। तीसरे स्‍थान पर न्यूजीलैंड की टीम 112 अंकों के साथ्‍ा है और ऑस्ट्रेलिया चौथे स्‍थान पर 111 अंकों के साथ है।
 साउथ अफ्रीका की टीम 110 अंकों के साथ पांचवें स्‍थान पर है और छठे स्‍थान पर पाकिस्तान की टीम 110 अंकों के साथ ही है। बांग्लादेश सातवें स्‍थान पर और आठवें स्‍थान पर श्रीलंका है। 

Desk Team