विराट कोहली ने KKR के खिलाफ बनाया बड़ा रिकॉर्ड, IPL में 1000 रन पूरे

Summary :

विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ 1000 रन का आंकड़ा छुआ

विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ नाबाद 59 रन बनाकर आईपीएल में 1000 रन पूरे किए। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह डेविड वार्नर और रोहित शर्मा के बाद तीसरे खिलाड़ी हैं। कोहली ने आईपीएल में चार टीमों के खिलाफ 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं, जो एक अनोखा रिकॉर्ड है। आरसीबी ने इस मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज की, जिसमें फिलिप साल्ट और रजत पाटीदार ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 सीजन की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 7 विकेट की धमाकेदार जीत के साथ की। ईडन गार्डन्स में केकेआर की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए थे, जिसके जवाब में आरसीबी ने यह टारगेट केवल 16.2 ओवर में ही हासिल कर लिया।

आरसीबी के लिए फिलिप साल्ट ने 31 गेंदों पर 56 रन और विराट कोहली ने 36 गेंदों पर नाबाद 59 रनों की पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार ने भी 16 गेंदों पर 34 रन बनाए। कोहली और साल्ट की जोड़ी अगर इस सीजन में इसी तरह के अंदाज को बनाए रखती है, तो यह आरसीबी के लिए बहुत बड़ी एडवांटेज होगी। खासकर आईपीएल रन चेज के दौरान साल्ट ने 10 पारियों में 48.33 की औसत और 175.40 की स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाए हैं। कोहली तो चेज मास्टर हैं ही, ऐसे में यह जोड़ी इस सीजन में देखने लायक होगी।

Virat Kohli

विराट कोहली ने अपनी लेटेस्ट पारी के साथ केकेआर के खिलाफ आईपीएल में 1000 रन भी पूरे कर लिए। यह एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इससे पहले केवल डेविड वार्नर और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी ही ऐसा कर पाए हैं। हालांकि, कोहली के नाम ऐसा रिकॉर्ड भी दर्ज हो चुका है जिसमें उनका दूर-दूर तक कोई मुकाबला नहीं है।

कोहली ने आईपीएल के इतिहास में चार टीमों के खिलाफ अब तक एक हजार या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। केकेआर के अलावा यह टीमें हैं- चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स। कोहली के अलावा बाकी किसी भी बल्लेबाज ने इतनी टीमों के खिलाफ आईपीएल में 1000 प्लस रन नहीं बनाए हैं। डेविड वार्नर और रोहित शर्मा भी सिर्फ दो टीमों के खिलाफ ही ऐसा कर चुके हैं।

Virat Kohli

मौजूदा समय में कोहली की फॉर्म शानदार रही है। उन्होंने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में नाजुक मौकों पर शानदार पारियां खेली हैं। आईपीएल के इस सीजन में उनकी फॉर्म में निरंतरता आरसीबी के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। खास बात यह है कि कोहली ने पिछली 19 आईपीएल पारियों में सिर्फ एक बार ही दहाई का आंकड़ा पार नहीं किया है। यह आरसीबी के लिए शुभ संकेत है।

टी20 क्रिकेट के इतिहास की बात करें तो विराट कोहली ने अब तक 383 पारियों में 12,945 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल 455 पारियों में 14,562 रन बनाकर टॉप पर हैं। कोहली टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में 5वें स्थान पर हैं।

वहीं, आरसीबी ने एक शानदार जीत के साथ आईपीएल का आगाज किया है। अवे ग्राउंड पर मिली यह जीत खास है। अब इस टीम का अगला मैच 28 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ, एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा।

–आईएएनएस

धोनी के प्रशंसक रमेश षणमुगम पैरा एथलेटिक्स में दिखाएंगे जलवा

Darshna Khudania