बेंगलुरू : विदर्भ के आफ स्पिनर अक्षय वाखरे के पांच विकेट की मदद से इंडिया रेड ने शनिवार को यहां इंडिया ग्रीन को पारी और 38 रन से शिकस्त देकर दलीप ट्रॉफी खिताब अपनी झोली में डाला। वाखरे (13 रन देकर पांच विकेट) ने इंडिया ग्रीन के बल्लेबाजों को अपनी स्पिन के जाल में उलझाया और टीम चौथे दिन दिन दूसरी पारी में 39.5 ओवर में 119 रन पर सिमट गयी।
इंडिया रेड की खिताबी जीत सत्र के इस शुरूआती टूर्नामेंट में खेले गये चार मैचों में नतीजा दिलाने वाली रही। इससे पहले इंडिया रेड ने रात के छह विकेट पर 345 रन से आगे खेलना शुरू किया। आदित्य सरवटे (38) और जयदेव उनादकट (नाबाद 32) की बदौलत अपनी बढ़त 157 रन तक कर ली। अंकित राजपूत और बायें हाथ के स्पिनर धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने तीन तीन विकेट प्राप्त किये।
इंडिया ग्रीन की दूसरी पारी काफी खराब रही जिसमें उसने सलामी बल्लेबाजों-कप्तान फैज फजल (10) और अक्षत रेड्डी (33) के विकेट जल्दी खो दिये। मुंबई के बल्लेबाज सिद्धेश लाड 44 (80 गेंद, छह चौके) रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। वखारे ने प्रभावशाली गेंदबाजी की जिससे इंडिया ग्रीन के बल्लेबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट खो दिये।
वखारे के अलावा तेज गेंदबाज आवेश खान ने 38 रन देकर तीन विकेट प्राप्त किये। पहली पारी में इंडिया ग्रीन के शीर्ष स्कोरर रहे मयंक मार्कंडेय ने बल्लेबाजी नहीं की। वह शुक्रवार को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान पर नहीं उतरे।


Download Android App
Download iOS App



