मैच से एक दिन पहले सोमवार को भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि जो टीम मैच को सही तरह पढ़ पाएगी, उसके पास मैच जीतने का बेहतर मौका होगा। हमने बहुत सारे नॉकआउट मैच खेले हैं। यह दोनों टीमों पर निर्भर है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। जो भी दबाव को बेहतर तरीके से हैंडल करेगा, वह विजेता बनेगा। कोहली ने कहा कि मैच के दौरान सही फैसला लेना सबसे अहम होगा। दोनों टीमों के पास ऐसी परिस्थितियों में खेलने का अनुभव है। न्यूजीलैंड की टीम पिछली बार फाइनल खेली थी। उन्हें पता है कि नॉकआउट मुकाबलों में कैसे खेलना है। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में भी बेहतर खेल दिखाया है।
‘विलियमसन मैच अपने अनुसार चलाते हैं’
कोहली ने दबाव के बारे में कहा कि सभी मैचों में दबाव होता है। कोई भी मैच आसान नहीं लगा। जीतना हमारा लक्ष्य है। इस मैच में भी दबाव बहुत होगा। केन विलियमसन मैच को अपने अनुसार चलाते हैं। रॉस टेलर के साथ वे न्यूजीलैंड की टीम का अहम हिस्सा हैं। दोनों अगर जल्दी आउट हो जाते हैं तो यह हमारे लिए अच्छा होगा।’
धोनी का योगदान बेहतरीन
धोनी की फॉर्म के बारे में पूछे जाने पर कोहली ने कहा, ‘उन्होंने भारतीय टीम के लिए जो योगदान दिया है, वह बेहतरीन है। मैंने उनके नेतृत्व में खेलना शुरू किया। मेरी आंखों में उनके लिए बहुत इज्जत है। वे हमेशा खुश रहने वाले इंसान हैं।
वे मुझे अच्छी सलाह देते हैं। मैं उनके साथ इतने साल खेलकर खुद को भाग्यशाली मानता हूं।’


Download Android App
Download iOS App



