कुआलालम्पुर : स्ट्राइकर वंदना कटारिया के दो गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान मलेशिया को पांच मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में 3-0 से हरा दिया। वंदना ने 17वें और 60वें मिनट में गोल दागे जबकि लालरेम्सियामी ने 38वें मिनट में गोल किया । मलेशिया को तीसरे ही मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता ने उसे मुस्तैदी से बचाया।
पांचवें मिनट में मलेशियाई गोल पर लालरेम्सियामी का शाट बचा लिया गया। दो मिनट बाद नवनीत कौर का प्रयास भी विफल रहा। इसके बाद भारत को पेनल्टी कार्नर भी मिला लेकिन गोल नहीं हो सका। पहला क्वार्टर गोलरहित रहने के बाद भारत ने 17वें मिनट में सफलता हासिल की जब वंदना ने फील्ड गोल दागा।
इसके बाद भारतीयों ने अच्छे तालमेल का प्रदर्शन किया और डिफेंस भी चुस्त नजर आया। भारत के लिये 38वें मिनट में लालरेम्सियामी ने दूसरा गोल दागा। हूटर से ठीक पहले वंदना ने गोल करके भारत की बढत 3-0 की कर दी। दूसरा मैच शनिवार को खेला जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



