मर्सिया : भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हए मंगलवार को यहां अपने दौरे के तीसरे मैच में विश्व कप के कांस्य पदक विजेता स्पेन को 5-2 से हराकर उलटफेर किया। भारत की ओर से मिजोरम की युवा स्ट्राइकर लालरेमसियामी (17वें और 58वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि नेहा गोयल (21वें मिनट), नवनीत कौर (32वें मिनट) और रानी रामपाल (51वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। इस जीत की बदौलत भारत ने श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी।
भारत को पहले मैच में 2-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था जबकि दूसरे मैच में उसने स्पेन को 1-1 से बराबरी पर रोक दिया था। स्पेन की ओर से दोनों गोल बर्टा बोनासट्रे ने किए। मैच का पहला गोल बर्टा ने सातवें मिनट में दागा लेकिन लालरेमसियामी ने 17वें मिनट में भारत को बराबरी दिला दी। चार मिनट बाद नेहा ने एक और गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। नवनीत ने 35वें मिनट में भारत की बढ़त को 3-1 किया लेकिन बर्टा ने एक और गोल दागकर मेहमान टीम की बढ़त को 3-2 तक सीमित कर दिया।
कप्तान रानी ने 51वें मिनट भारत की ओर से चौथा गोल दागा जबकि लालरेमसियामी ने अंतिम मिनटों में एक और गोल करके भारत की 5-2 से जीत सुनिश्चित की। भारत के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा, ‘‘मैं प्रदर्शन से खुश हूं। हम अपने प्रदर्शन में अधिक स्थिरता लाने पर काम कर रहे हैं और प्रत्येक मैच के साथ हमारे अंदर सुधार हो रहा है। यह एक प्रक्रिया है और प्रगति करने के लिए हमें इस प्रदर्शन को दोहराना होगा।’’ स्पेन के खिलाफ चौथा मैच भारत गुरुवार को खेलेगा।


Download Android App
Download iOS App



