दुबई : आईसीसी ने शुक्रवार को वैश्विक महिला टी-20 टीम रैंकिंग शुरू की जिसमें भारत पांचवें स्थान पर जबकि तीन बार की चैम्पियन आस्ट्रेलिया 46 टीमों की तालिका में शीर्ष पर काबिज है। आईसीसी ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग शुरू करने के फैसले से पहले इस साल सदस्य देशों के बीच सभी टी20 मैचों को अंतरराष्ट्रीय दर्जा प्रदान किया था। एसोसिएट सदस्यों में स्काटलैंड सबसे ऊपर 11वें स्थान पर जबकि थाईलैंड 12वें स्थान पर काबिज है।
सदस्य देशों के बीच सभी महिला टी20 मैचों को जून में एशिया कप के बाद से अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिल गया है और नयी रैंकिंग प्रणाली उन्हें अपना स्तर जानने में मदद करेगी। आस्ट्रेलिया के 280 अंक हैं जिसके बाद न्यूजीलैंड के 277 और तीसरे स्थान पर काबिज इंग्लैंड के 276 अंक हैं। वेस्टइंडीज 259 अंक से चौथे स्थान पर है जबकि भारत 10 अंक पीछे पांचवें स्थान पर है। तालिका में शीर्ष 10 में शामिल अगली पांच टीमें दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और आयरलैंड हैं।


Download Android App
Download iOS App



