विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने अगले महीने होने वाले थॉमस एंड उबर कप से कई देशों के हटने के बाद अब इस बैडमिंटन टूर्नामेंट को स्थगित करने की मंगलवार को घोषणा की। थॉमस एंड उबर कप का आयोजन अगले महीने डेनमार्क में तीन 11 से अक्टूबर तक होना था। इस टूर्नामेंट की शुरुआत के साथ ही कोविड-19 महामारी के बाद पहली बार किसी शीर्ष स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत होनी थी।
बीडब्ल्यूएफ ने एक बयान में कहा, “बैडमिंटन विश्व महासंघ मेजबान बैडमिंटन डेनमार्क की सहमति से थॉमस और उबेर कप 2020 स्थगित करने का कठिन फैसला ले रहा है। कई प्रतियोगी टीमों के नाम वापिस लेने के कारण यह फैसला किया गया है।”
इंडोनेशिया और दक्षिण कोरिया ने शुक्रवार को ही इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था। उससे पहले आस्ट्रेलिया, चीनी ताइपे, थाईलैंड और हांगकांग की टीमें अपना नाम वापस ले चुकी हैं।
थॉमस एंड उबर कप में विश्व चैंपियन पीवी सिंधु को भारतीय चुनौती की अगुवाई करनी थी, लेकिन सिंधु ने निजी कारणों से इस टूर्नामेंट से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था।
बीडब्ल्यूएफ ने कहा है कि डेनमार्क ओपन का आयोजन 13 से 18 अक्टूबर तक किया जाएगा जबकि 20 से 25 अक्टूबर होने वाले डेनमार्क मास्टर्स को रद्द कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



