लंदन : आमतौर पर एक क्रिकेटर अधिकतम 35 या 40 साल की उम्र तक पेशेवर क्रिकेट खेलता है जबकि तेज गेंदबाज का करियर और भी छोटा होता है लेकिन वेस्टइंडीज के 85 बरस के तेज गेंदबाज सेसिल राइट ने उम्र को धता बताते हुए अब जाकर क्रिकेट को अलविदा कहने का मन बनाया है। राइट ने बताया कि वह अगले दो सप्ताह में संन्यास ले लेंगे। राइट ने जमैका के लिए गैरी सोबर्स और वेस हाल जैसे दिग्गजों के खिलाफ एक प्रथम श्रेणी मैच खेला है।
बारबडोस के खिलाफ यह मुकाबला 1958 में खेला गया था। राइट इसके बाद 1959 में इंग्लैंड चले गये और उन्होंने सेंट्रल लंकासर लीग में क्रोमप्टॉन के लिए पेशेवर क्रिकटर के तौर पर अपना करियर शुरू किया। उन्होंने यहीं बसने का फैसला भी किया।
राइट ने विवियन रिचर्ड्स और जोएल गार्नर जैसे दिग्गजों के साथ भी खेला है। उन्हें जो बात सबसे अलग बनाती है वह है 60 साल का उनका क्रिकेट करियर जिसमें उन्होंने 7,000 से ज्यादा विकेट लिये है। राइट ने हालांकि अब इस खेल को अलविदा कहने का मन बना लिया है।


Download Android App
Download iOS App



