पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अक्सर अपने विवादित बयानबाजी और गलत हरकतों के कारण चर्चा का विषय बने रहते हैं। हाल ही में पाक टीम को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है, लेकिन इस बात कोई विवाद नहीं बल्कि खबर यह है कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान यूनिस खान ने मंगलवार को राष्ट्रीय टीम के कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस निर्णय को अनिच्छा, लेकिन सौहार्दपूर्ण ढंग से स्वीकार कर लिया है। लेकिन पीसीबी ने अब तक इसके पीछे का कारण नहीं बताया है।

टीम की रवानगी से दो दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से जारी बयान में कहा गया, पाकिस्तान पुरुषों की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बल्लेबाजी कोच के बिना ब्रिटेन की यात्रा करेगी, जबकि वेस्टइंडीज दौरे के लिए यूनिस खान की जगह किसी और को नियुक्त करने पर फैसला बाद में किया जाएगा।

घोषणा के बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि यूनिस खान ने खुद पद छोड़ने का फैसला किया था, क्योंकि वह टीम के साथ अपनी भूमिका से खुश नहीं थे और चयन मामलों में अधिक दखल चाहते थे। एक सूत्र के मुताबिक, यूनिस जिस तरह से राष्ट्रीय टीम को भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है, उससे संतुष्ट नहीं थे।यूनिस खान को पिछले साल नवंबर में दो साल के लिए 2022 आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया था।

वहीं, पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान का कहना है कि यूनिस के समान अनुभव वाले विशेषज्ञ का साथ छूटना दुखद है। उन्होंने कहा, कई बार बातचीत के बाद दोनों हम दोनों आपसी सहमति से अलग-अलग दिशा में आगे बढ़ने पर सहमत हुए। यह हमारी इच्छा के खिलाफ था लेकिन हमने सौहार्दपूर्ण तरीके से यह फैसला किया।

उन्होंने कहा,उम्मीद है कि वह उभरते हुए क्रिकेटरों के साथ अपने खेल के ज्ञान को साझा करके पीसीबी की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। बोर्ड के बयान में कहा गया है कि पीसीबी और यूनिस दोनों इस फैसले पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करने पर सहमत हैं।

यूनिस खान का बतौर कोच कार्यकाल आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 तक था, लेकिन उन्होंने इससे पहले ही इस्तीफा दे दिया है। पाक टीम को 25 जून से 20 जुलाई तक तीन एकदिवसीय और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए ब्रिटेन का दौरा करेगी। टीम इसके बाद 21 जुलाई से 24 अगस्त तक वेस्टइंडीज जाएगी जहां उसे पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैच खेलने है। बता दें, यूनिस खान टेस्ट में पाकिस्तान के सर्वोच्च स्कोरर है। उन्होंने इस प्रारूप में 10,000 से अधिक रन बनाये है।


Download Android App
Download iOS App



