गंगा सेवा दूतों के लिए महाकुंभ में अदाणी-इस्कॉन की महाप्रसाद सेवा

Summary :

अदाणी-इस्कॉन की सेवा से गंगा सेवा दूतों को मिल रही राहत

महाकुंभ 2025 में गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए कार्यरत गंगा सेवा दूतों के लिए महाप्रसाद सेवा किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है। मां गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए तैनात किए गए इन सेवा दूतों को अदाणी ग्रुप और इस्कॉन द्वारा संचालित निशुल्क महाप्रसाद सेवा का लाभ मिल रहा है, जिससे वे अपनी ड्यूटी बेहतर ढंग से निभा पा रहे हैं।

गंगा और यमुना की स्वच्छता बनाए रखने के लिए मेला प्रशासन द्वारा करीब 1,500 गंगा सेवा दूतों को विभिन्न घाटों पर तैनात किया गया है। ये सेवा दूत घाटों पर फूल और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को तुरंत निकालकर नदियों को स्वच्छ बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं।

महाकुंभ में अदाणी ग्रुप और इस्कॉन द्वारा सेक्टर-19 स्थित किचन में महाप्रसाद का आयोजन किया जा रहा है, जिससे प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं। गंगा सेवा दूतों के लिए यह सेवा एक बड़ी राहत के रूप में सामने आई है। वे अपनी ड्यूटी के दौरान इस्कॉन किचन में प्रसाद ग्रहण कर वापस अपने कार्य में जुट जाते हैं। प्रसाद पूरी तरह सात्विक और स्वच्छता के उच्च मानकों के अनुसार तैयार किया जाता है।

महाकुंभ में स्काउट एंड गाइड स्वयंसेवक भी सेवा कार्यों में जुटे हैं। घाटों पर श्रद्धालुओं की सहायता और सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 9 जनवरी से स्काउट एंड गाइड टीम सक्रिय है। इस टीम में वाराणसी और मिर्जापुर सहित कई जिलों से कुल 91 स्वयंसेवक शामिल हैं, जिन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।

श्रद्धालुओं को स्वच्छता की बेहतर सुविधा देने के लिए मेला प्रशासन ने 1.5 लाख टॉयलेट्स और यूरिनल्स स्थापित किए हैं। इनकी सफाई सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है। विशेष मोबाइल ऐप के जरिए टॉयलेट में गंदगी की सूचना मिलते ही उसे तुरंत साफ किया जा रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.