Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में 8 साल की एक मासूम बच्ची की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। लेकिन अब पुलिस ने इस हत्या के आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया है। बता दें कि यह मामला 24 मार्च का है, जब ताजगंज थाना क्षेत्र से बच्ची अचानक लापता हो गई। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर खोज अभियान चलाया, लेकिन अगले दिन जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया।
Agra Crime News: किराएदार के कमरे से मिला शव
तलाश के दौरान पुलिस को बच्ची का शव उसी मकान में रहने वाले किराएदार सुनील के कमरे से बरामद हुआ। आरोपी ने हत्या के बाद शव को एक कंटेनर में छिपाकर रखा था। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए 12 टीमें गठित कीं। सुनील घटना के बाद से फरार था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और आरोपी की तलाश जारी थी।
मुठभेड़ में आरोपी का अंत
27 और 28 मार्च की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बमरौली कटारा क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जब आरोपी को लगा कि वह पुलिस से घिर चुका है, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक उप निरीक्षक घायल हो गया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सुनील गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस तरह बच्ची की हत्या करने वाले आरोपी का अंत हो गया।
बरामद हुआ हथियार और सामान
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक, .315 बोर का तमंचा, 6 खाली कारतूस और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह सामान इस बात की पुष्टि करता है कि आरोपी हथियारबंद था और भागने की फिराक में था।
पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई, लेकिन आरोपी ने हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस इस मामले में साक्ष्य जुटाने और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने में लगी हुई है।
यह भी पढ़ें: मां सिद्धिदात्री की हुई पूजा अर्चना, उमड़ा भक्तों का सैलाव, कन्याओं को भोजन कराकर लिया माता का आर्शीवाद





















