Anuj Chaudhary ने कराए थे दंगे, बदलाव पर जेल में होंगे: Ramgopal Yadav

Summary :

सीएम योगी पर रामगोपाल का हमला, नाविक के 30 करोड़ कमाने का बयान गलत

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।

समाजवादी पार्टी के नेता ने संभल सीओ अनुज चौधरी के बयान पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि अनुज चौधरी वही व्यक्ति हैं, जिन्होंने दंगे कराए थे। जब कभी व्यवस्था बदलेगी, ऐसे लोगों को जेल में रहना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अनुज चौधरी वही अधिकारी हैं, जो हमेशा गलत बयान देते रहे हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ के महाकुंभ में एक नाविक द्वारा 30 करोड़ कमाने की बात कहने पर उन्होंने कहा कि यह बयान पूरी तरह से गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई नाव वाला 45 दिनों में 30 करोड़ रुपए कमा सकता है? उन्होंने मुख्यमंत्री योगी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसी कोई भी कमाई संभव नहीं है।

प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की तुलना मोहम्मद बिन तुगलक से की। इस पर उन्होंने कहा कि तुगलक बहुत बड़े और काबिल व्यक्ति थे। ब्रजेश पाठक को शायद इतिहास का ज्ञान नहीं है।

दिल्ली में मुस्लिम मार्गों के नाम बदलने को लेकर सवाल किए जाने पर रामगोपाल यादव ने कहा कि यह सरकार सिर्फ नाम बदलने में ही माहिर है, इसके अलावा कोई नया काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी विकास के लिए ठोस कदम नहीं उठाए।

Sambhal violence : कहानी संभल के सिंघम की, जो दंगाइयों से भिड़े

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय द्वारा इस बार होली मिलन समारोह की अनुमति न दिए जाने पर रामगोपाल यादव ने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर ऐसा निर्णय लिया गया होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को ऐसा लगता है कि होली के नाम पर कोई गड़बड़ी हो सकती है, जिससे दंगा हो सकता है।

उन्होंने अबू आजमी को लेकर कहा कि जो मीडिया ने दिखाया, क्या वह सही ढंग से दिखाया गया? यह भी सच है कि औरंगजेब ने कुछ मंदिरों के लिए पैसा भी दिया। उन्होंने ओडिशा के गवर्नर पांडेजी का जिक्र किया और बताया कि इलाहाबाद में एक पुराना मुकदमा चल रहा था। जब उसका रिकॉर्ड निकाला गया, तो वह अरबी में था। उसका अनुवाद करवाने पर पता चला कि औरंगजेब ने इस मंदिर को इतना पैसा और उस मंदिर को इतना पैसा दिया था। अब वक्त ऐसा है कि इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए। उन्होंने सीएम योगी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें सीएम ने कहा था कि अबू आजमी को उत्तर प्रदेश भेज दो, हम उसे ठीक कर देंगे। रामगोपाल यादव ने कहा कि उन्हें कहीं और भेज देना चाहिए, जहां उनका ठीक ढंग से इलाज हो सके।

लंदन में विदेश मंत्री एस. जयशंकर की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही पर रामगोपाल यादव ने कहा कि जब हमारे देश ने अमेरिका के सामने सरेंडर तक कर दिया, तो यह क्या अपमान है? हमारे लोगों को जंजीरों में बांधकर लाया गया। एक छोटा सा देश था, जिसने कहा कि हम तुम्हारे विमान को उतरने नहीं देंगे। इससे साफ पता चलता है कि हमारी सरकार किस तरह की है।

इंडिया क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी के रोजा नहीं रखने से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिरफिरे होते हैं जो इस तरह की बात करते हैं। उन्होंने साफ किया कि इस मामले में समूचा मुस्लिम समाज का प्रतिनिधित्व नहीं किया जा सकता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.