Ayodhya Jewelry Robbery Case: उत्तर प्रदेश के आयोध्या शहर में हाल ही में एक ज्वेलरी की दुकान में हुई लूट की घटना हुई थी। इस वारदात को एक बुर्का पहनी महिला और उसके साथी ने मिलकर अंजाम दिया था। वहीं अब इस मामले में शामिल आरोपी महिला पायल को उसके ससुराल वालों ने पूरी तरह से ठुकरा दिया है। परिवार का कहना है कि इस घटना से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है, इसलिए अब वे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पायल के ससुर हरिराम ने साफ शब्दों में कहा कि अब उनका अपनी बहू से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनकी बहू इस तरह के अपराध में शामिल हो सकती है। इस घटना ने पूरे परिवार को शर्मिंदगी और सदमे में डाल दिया है। हरिराम ने यह भी स्पष्ट किया कि अब पायल को ससुराल वापस नहीं लाया जाएगा।
Ayodhya Jewelry Robbery Case: कहां रहता है परिवार?

हरिराम ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से खंडासा क्षेत्र के कोटिया, सुब्बा का पुरवा गांव का रहने वाला है, लेकिन वे पंजाब के मोगा शहर में रहकर मजदूरी और सिलाई का काम करते हैं। पायल का विवाह पिछले वर्ष अप्रैल में उनके बेटे दीपू के साथ हुआ था। शादी के बाद पायल कुछ समय के लिए पंजाब भी गई थी।
पढ़ाई का बहाना और मायके में रहना
शादी के करीब तीन महीने बाद पायल इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के बहाने अपने मायके चली गई और वहीं रहने लगी। इस दौरान उसका पति दीपू मोगा में ही अपने भाई के साथ सिलाई का काम करता रहा। हरिराम के अनुसार, पायल का व्यवहार भी ठीक नहीं था। वह अक्सर घंटों फोन पर बात करती रहती थी और मना करने पर बहाने बनाती थी। कई बार वह अकेले ही शहर घूमने निकल जाती थी, जिससे परिवार को पहले से ही चिंता थी।
Ayodhya Jewelry Robbery Case: कैसे हुई लूट की घटना?
दो अप्रैल को रुदौली के कोठी मोहल्ले में स्थित एक आभूषण दुकान में लूट की वारदात हुई थी। इस दौरान एक नकाबपोश महिला ने हथियार के दम पर दुकानदार से गहने लूट लिए और बाहर खड़े अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गई। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और मात्र 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। जांच में पायल और उसके साथी राहुल का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद पायल के ससुराल में गहरा दुख और आक्रोश है। हरिराम का कहना है कि पूरे परिवार के लिए यह बेहद शर्मनाक स्थिति है।
उन्होंने कहा कि इस घटना ने उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाया है और अब वे पायल से किसी भी तरह का संबंध नहीं रखना चाहते। इस पूरी घटना ने न केवल एक परिवार को तोड़ा है, बल्कि समाज में भी एक गलत संदेश दिया है।
यह भी पढ़ें: बुर्का पहनकर आई ‘लेडी लुटेरी’ का आतंक! पिस्टल दिखाकर लूट ले गई लाखों की ज्वेलरी, CCTV में कैद हुई वारदात


Download Android App
Download iOS App




