नयी दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को दावा किया कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान के बाद बहुमत का आंकड़ा पार कर गई है। साथ ही, उन्होंने विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे लोग विपक्ष का नेता चुनने के लिए बैठक कर सकते हैं। छठे चरण का मतदान 12 मई को हुआ था। सातवें चरण के लिए मतदान 19 मई को होना है।
शाह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आप (मीडिया) मुझसे पूछते रहते हैं कि हम कितनी सीटें जीतेंगे। मैंने देश भर का दौरा किया है और ज्यादातर लोगों से मिले जवाब के आधार पर मुझे पूरा भरोसा है कि पांचवें और छठे चरण के मतदान के बाद भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। सातवें चरण के मतदान के बाद पार्टी 300 सीटें पार कर जाएगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग फिर से सरकार बनाएगी।’’
दरअसल, लोकसभा में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल करने के लिए 272 सीटें चाहिए। उल्लेखनीय है कि 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने 282 सीटें जीती थी। शाह ने विपक्षी नेताओं की प्रस्तावित बैठक और टीआरएस जैसी पार्टियों के संघीय मोर्चा बनाने के कदम पर कहा कि इस प्रकार की बैठकों से भाजपा पर असर नहीं पड़ेगा। पार्टी की सीटें घटने नहीं जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वे लोग विपक्ष का नेता चुनने के लिए बैठक कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार के चुनाव परिणामों में भी किसी भी पार्टी (विपक्षी दल) को इतनी सीटें नहीं मिलेंगी कि वह अपने में से विपक्ष का नेता चुन सके।


Download Android App
Download iOS App



