उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस पर समाज सुधारक ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि पश्चिम बंगाल की उनकी समकक्ष ममता बनर्जी भाजपा के खिलाफ झूठी अफवाहें फैलाकर लोगों का ध्यान बांटने का प्रयास कर रही हैं।
आदित्यनाथ ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ कल जो कुछ हुआ, हम उसकी निंदा करते हैं। ईश्वर चंद्र विद्यासागर भारत के महानतम सपूतों में एक और समाज सुधारक थे। यह तृणमूल ही है जिसने उनकी प्रतिमा तोड़ी और अब वह ध्यान बांटने के लिए भाजपा पर दोषारोपण कर रही है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और बनर्जी इस घटना का इस्तेमाल कर अपने गलत कार्यों से लोगों का ध्यान बंटाने का प्रयास कर रही हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए तब उन्होंने दावा किया कि राज्य में स्थिति उसी दिशा में बढ़ रही है जहां केंद्रीय हस्तक्षेप होना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से चुनाव में हिंसा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया और कहा कि उसे मूकदर्शक नहीं रहना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



