‘एक फैसले में खत्म हो सकता है युद्ध, ईरान में निशाने के लिए कुछ नहीं बचा…’, जंग के बीच बोले डोनाल्ड ट्रंप

Summary :

Donald Trump Iran Statement: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है। उन्होंने अपने बयान में दावा किया है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। उनका कहना है कि ईरान में अब हमले के लिए लगभग कोई बड़ा लक्ष्य बाकी नहीं बचा है। ट्रंप ने यह बात बुधवार को मीडिया को दिए एक छोटे से फोन इंटरव्यू में कही। इस बातचीत के दौरान उन्होंने संकेत दिया कि युद्ध का अंत अब दूर नहीं है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के कई अहम सैन्य ठिकानों और अन्य…

Donald Trump Iran Statement: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है। उन्होंने अपने बयान में दावा किया है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। उनका कहना है कि ईरान में अब हमले के लिए लगभग कोई बड़ा लक्ष्य बाकी नहीं बचा है। ट्रंप ने यह बात बुधवार को मीडिया को दिए एक छोटे से फोन इंटरव्यू में कही। इस बातचीत के दौरान उन्होंने संकेत दिया कि युद्ध का अंत अब दूर नहीं है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के कई अहम सैन्य ठिकानों और अन्य रणनीतिक स्थानों पर पहले ही बड़े हमले किए जा चुके हैं। उनके मुताबिक अब वहां निशाना बनाने के लिए बहुत कम चीजें बची हैं।

ट्रंप ने कहा, “ईरान में अब लगभग कुछ भी ऐसा नहीं बचा है जिसे निशाना बनाया जा सके। बस थोड़ा बहुत ही बाकी है। जब मैं चाहूंगा, तब यह युद्ध खत्म हो जाएगा।” हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि अमेरिका युद्ध को खत्म करने के लिए किस तरह की योजना बना रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि क्या संघर्षविराम या किसी तरह की शांति वार्ता की तैयारी चल रही है।

Donald Trump Iran Statement: अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों की अलग राय

ट्रंप के बयान से पहले अमेरिका और इजरायल के कई अधिकारियों ने कहा था कि फिलहाल युद्ध रोकने की कोई योजना नहीं है। उनके अनुसार ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई अभी कुछ समय तक जारी रह सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी और इजरायली सैन्य रणनीतिकार कम से कम दो और हफ्तों तक हमले जारी रखने की तैयारी कर रहे हैं। इजरायल के रक्षा मंत्री ने भी कहा था कि यह अभियान तब तक चलता रहेगा जब तक सभी तय किए गए लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते और निर्णायक जीत नहीं मिलती।

28 फरवरी से जारी है संघर्ष

गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच यह संघर्ष 28 फरवरी से चल रहा है। इस दौरान कई सैन्य और ऊर्जा से जुड़े ठिकानों पर हमले किए गए हैं। लगातार हो रही बमबारी और जवाबी हमलों में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। हाल के दिनों में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों और ऊर्जा केंद्रों को निशाना बनाया है। इसके जवाब में ईरान भी अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी क्षेत्रों पर हमले कर रहा है।

खाड़ी क्षेत्र में भी बढ़ा तनाव

बुधवार को ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में भी कई हमले किए। ड्रोन हमलों के कारण दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास विस्फोट की खबर सामने आई। इसके अलावा फारस की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज में कुछ व्यापारिक जहाजों को भी निशाना बनाया गया। दुबई मीडिया कार्यालय के अनुसार, ईरान के दो ड्रोन दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गिर गए। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन जारी रहा और बड़े स्तर पर कोई बाधा नहीं आई।

लगातार जारी हैं हवाई हमले

इसी बीच अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हवाई हमले लगातार जारी हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण पूरे मध्य पूर्व में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाएंगे, यह काफी हद तक अमेरिका और उसके सहयोगियों की अगली रणनीति पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें: ‘हम पहले मुस्लमान हैं अगर युद्ध नहीं रुका…’, जंग के बीच पहली बार तुर्की ने खुलकर किया ईरान का समर्थन

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।