Double Murder Case In Kanpur: शराब पीने से टोका तो हैवान बना पति, गर्भवती पत्नी और मासूम बेटे को गला रेतकर मार डाला

Summary :

Double Murder Case In Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के सर्देपुर गांव में एक शराबी पति ने अपनी गर्भवती पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना रविवार रात की है, जिसने पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है। Double Murder Case In Kanpur: शराब की लत बनी हत्या की वजह मृतका की पहचान 25 वर्षीय रूबी और उसके बेटे लवांश के रूप में हुई है। आरोपी पति सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी खेती के…

Double Murder Case In Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के सर्देपुर गांव में एक शराबी पति ने अपनी गर्भवती पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना रविवार रात की है, जिसने पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है।

Double Murder Case In Kanpur: शराब की लत बनी हत्या की वजह

मृतका की पहचान 25 वर्षीय रूबी और उसके बेटे लवांश के रूप में हुई है। आरोपी पति सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी खेती के साथ-साथ ट्रक ड्राइविंग का काम करता था। परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र को शराब पीने की गंभीर लत थी। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। रूबी अक्सर पति को शराब पीने से रोकती थी, जिससे वह गुस्से में आ जाता था। रविवार रात भी दोनों के बीच शराब को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर सुरेंद्र ने किसी धारदार हथियार से पत्नी और मासूम बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

Double Murder Case In Kanpur (Photo: Social media)
Double Murder Case In Kanpur (Photo: Social media)

Kanpur Double Murder: ऐसे हुआ वारदात का खुलासा

घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार शाम करीब आठ बजे सुरेंद्र का बड़ा भाई पप्पू यादव उसके घर दूध देने पहुंचा। उस समय पति-पत्नी के बीच तीखी बहस चल रही थी। कुछ देर रुकने के बाद वह वापस चला गया। इसके बाद सुरेंद्र का छोटा भाई राजेश उर्फ राजू अपनी 90 वर्षीय मां के लिए सब्जी लेने सुरेंद्र के घर पहुंचा। घर के बरामदे में रूबी और लवांश के खून से सने शव देखकर उसके होश उड़ गए। तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी गई।

Ghatampur Murder News: पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी और संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले खाना खाने को लेकर भी विवाद हुआ हो सकता है। चूल्हे पर दाल, चावल और सब्जी बनी हुई मिली। एक परात में गूंथा हुआ आटा था, जिस पर खून के छींटे थे। घर में बिखरा सामान संघर्ष की ओर इशारा कर रहा है।

Double Murder Case In Kanpur (Photo: Social media)
Double Murder Case In Kanpur (Photo: Social media)

भाई को फोन कर दी सफाई

हत्या के बाद सुरेंद्र ने रूबी के भाई दिलीप से फोन पर बात की। उसने कहा कि अगर वह रूबी को नहीं मारता तो रूबी उसे मार देती। दिलीप ने बताया कि यह बात सुनकर वह पूरी तरह टूट गया। रूबी की शादी 3 मई 2021 को फतेहपुर जिले के गौरा गांव से सुरेंद्र के साथ हुई थी।

हथियार लेकर फरार आरोपी

पुलिस का कहना है कि सुरेंद्र हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार साथ लेकर फरार हुआ है। आशंका है कि वह सबूत छिपाने की कोशिश कर रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने बांदा रेलवे लाइन के आसपास तलाश की है। घटना के बाद गांव में डर और सन्नाटा पसरा रहा। करीब तीन घंटे तक लोग घरों से बाहर नहीं निकले, जिससे पुलिस को पंचनामा भरने में भी परेशानी हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

यह भी पढ़ें: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने पर मारा डाला! श्रावस्ती युवती हत्याकांड मामले में हत्यारे प्रेमी ने किया बड़ा खुलासा

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।