उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक 3 में बारिश के मौसम में होने वाली जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। आरसीसी ड्रेन और नालियों का चौड़ीकरण करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा, वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में तीन पंप भी लगाए जाएंगे, जिससे बारिश के दौरान जलनिकासी सुचारू रूप से हो सके।
Noida में तीन दिवसीय मेला, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का मिलेगा लाभ
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को हुई बैठक में प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सौम्य श्रीवास्तव तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी उद्यमियों को दी गई। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने ईकोटेक 3 को एक मॉडल औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित करने की मांग रखी। इस पर एसीईओ ने एक समिति गठित कर आवश्यक संसाधनों का अध्ययन कराने का आश्वासन दिया।
उद्यमियों ने औद्योगिक सेक्टर में कई अन्य समस्याओं को भी उठाया। इनमें अतिरिक्त डस्टबिन लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और उनकी मार्किंग कराने, पेड़ों की छंटाई, मलबा हटाने और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग शामिल थी। एसीईओ ने इन सभी मांगों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उद्यमियों ने सूरजपुर-कुलेसरा रोड का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।
बैठक में महाप्रबंधक (वित्त) विनोद कुमार, ओएसडी नवीन कुमार सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, विनोद शर्मा और प्रबंधक उद्योग अरविंद मोहन सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



