ग्वालियर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई फॉर्च्यूनर, 5 युवकों की मौत, घटना का हाल जानकर सहम जाएंगे आप

Summary :

Gwalior Road Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रविवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई, जिससे कार में सवार पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना ग्वालियर-झांसी हाईवे पर स्थित मालवा कॉलेज के पास सुबह लगभग 6:35 बजे हुई। Gwalior Road Accident: कैसे हुआ हादसा? मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक ग्वालियर के रहने वाले थे और झांसी में एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी फॉर्च्यूनर (नंबर MP07 CG 9006) से वापस लौट रहे थे। जैसे ही कार मालवा कॉलेज के सामने वाले…

Gwalior Road Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रविवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई, जिससे कार में सवार पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना ग्वालियर-झांसी हाईवे पर स्थित मालवा कॉलेज के पास सुबह लगभग 6:35 बजे हुई।

Gwalior Road Accident: कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक ग्वालियर के रहने वाले थे और झांसी में एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी फॉर्च्यूनर (नंबर MP07 CG 9006) से वापस लौट रहे थे। जैसे ही कार मालवा कॉलेज के सामने वाले मोड़ पर पहुंची, उसी समय सामने से रेत लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। कार की रफ्तार काफी तेज होने के कारण ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सीधे ट्रॉली के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रॉली में समा गया।

Gwalior Road Accident (credit social-media )
Gwalior Road Accident (credit social-media )

Madhya Pradesh News: शवों को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत

घटना के बाद आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। टक्कर की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शव कार और ट्रॉली के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस को कटर मशीन से कार के हिस्से काटने पड़े। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

Gwalior Accident: मृतकों की हुई पहचान

हादसे में मारे गए सभी युवा ग्वालियर के डीडी नगर क्षेत्र के निवासी थे। उनमें से पाँचों की पहचान इस प्रकार है, क्षितिज उर्फ प्रिंस राजावत, कौशल भदोरिया, आदित्य प्रताप सिंह जादौन, अभिमन्यु सिंह और शिवम राजपुरोहित। इन सभी की उम्र कम थी और युवक एक साथ झांसी से लौट रहे थे।

Gwalior Road Accident (credit social-media )
Gwalior Road Accident (credit social-media )

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। हादसे का मंजर देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और कुछ देर बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार झांसी की ओर से ग्वालियर आ रही थी। जैसे ही वाहन सिकरौदा चौराहे से आगे बढ़ा, सामने अचानक रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। बताया जा रहा है कि कार की गति बहुत ज्यादा थी, जिसके कारण चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा पाया। पुलिस ने यह भी बताया कि कार के एयरबैग खुलकर फट गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार की गति दुर्घटना के समय लगभग 120 किमी/घंटा रही होगी।

इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि कार के अंदर से शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजेबल गिलास बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि आखिर दुर्घटना के वास्तविक कारण क्या थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे पर यह स्थान काफी समय से दुर्घटना-प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। पुलिस अब ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक और अन्य जिम्मेदार पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Madhya Pradesh: मुरैना में मारपीट से घायल युवक की मौत, परिजनों ने हाईवे पर शव को रखकर किया प्रदर्शन

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।