मुंबई में शुक्रवार को सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण रेल और बस सेवाएं प्रभावित हो गईं जिससे दफ्तर जाने वाले कामकाजी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कुछ सड़कों और रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया, जिससे परिवहन सेवाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई। यात्रियों ने बताया कि उपनगरीय रेल सेवाएं कम से कम 15 से 20 मिनट के विलंब से चल रही हैं।
- मुंबई में भारी बारिश के कारण रेल और बस सेवाएं प्रभावित हो गईं
- दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा
- बारिश के कारण कुछ सड़कों और रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया
रेल की पटरियों पर भरा पानी
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश और समुद्र में उठी ऊंची लहरों के कारण हार्बर लाइन पर चूना भट्टी में रेल की पटरियों पर पानी भर गया। समुद्र में उठी ऊंची लहरों और भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि रेलगाड़ियों का संचालन प्रभावित हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि एक रेलगाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर रेल सेवाएं विलंब से चल रही हैं। पश्चिमी रेलवे ने दावा किया कि उसकी उपनगरीय रेल सेवाओं का संचालन सुचारू है।
पिछले 24 घंटे में औसतन 78 MM बारिश हुई
सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान मुंबई के द्वीप शहर में औसतन 78 मिलीमीटर बारिश हुई। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि पूर्वी मुंबई में औसतन 57 मिलीमीटर और पश्चिमी मुंबई में 67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुंबई केंद्र ने शहर में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इससे पहले तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन की खबरों के बीच, नीलगिरि जिला प्रशासक ने शुक्रवार को स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दीं हैं। जिला कलेक्टर लक्ष्मी भव्या तन्नेरू ने जिले के ऊटी, गुडालुर, कुंडा और पंडालु क्षेत्रों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है, क्योंकि जिले में पिछले पांच दिनों से भारी बारिश हो रही है। उन्होंने आज उदकई, कुंटा, कुडालुर और बंदालुर सहित चार अन्य तालुकों में स्कूलों में भी छुट्टी घोषित की।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



