IPL Match in Raipur : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के रंग में रंगने जा रही है। करीब 10 साल बाद शहर को आईपीएल मैचों की मेजबानी मिली है, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद 13 मई को आरसीबी और नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला जाएगा ।
राजधानी में उत्सव जैसा माहौल
मैच को लेकर राजधानी में अभी से उत्सव जैसा माहौल है। इसी को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 10 एवं 13 मई को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैच की तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निर्देश दिए कि स्टेडियम में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऑनलाइन बुकिंग के बाद रायपुर पहुंचने वाले दर्शकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त वॉलिंटियर तैनात किए जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
अम्बानी परिवार के भी पहुँचने की संभावना

उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) को निर्देशित किया कि शासन के सभी विभागों द्वारा तय एसओपी का पालन करते हुए आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करें। रायपुर के क्रिकेट प्रेमी विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ियों को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह और मुंबई इंडियंस को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार के सदस्यों के भी रायपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कई बॉलीवुड हस्तियों के भी मैच देखने आने की चर्चा है।
सुरक्षा के लिए हाई अलर्ट, 1500 जवान रहेंगे तैनात
आईपीएल मैचों को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मुख्य सचिव की हाईलेवल बैठक के बाद सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मैच के दौरान आईजी-डीआईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों सहित करीब 1500 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
डीआईजी पर व्यवस्था की कमान

डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जो आईजी रायपुर के मार्गदर्शन में पूरी व्यवस्था की कमान संभालेंगे। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग से 300 जवान तैनात रहेंगे।
5 रास्तों से होगी एंट्री, 12 गेट से मिलेगा प्रवेश
स्टेडियम पहुंचने के लिए प्रशासन ने पांच प्रमुख मार्ग निर्धारित किए हैं, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं स्टेडियम में प्रवेश के लिए 12 गेट बनाए गए हैं। वीआईपी और पवेलियन दर्शकों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा, ट्रैफिक और दर्शक सुविधाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब बस क्रिकेट प्रेमियों को उस पल का इंतजार है, जब रायपुर का मैदान एक बार फिर आईपीएल के रोमांच से गूंज उठेगा
यह भी पढ़ें – Chhattisgarh News: IED ब्लास्ट के बाद बस्तर आईजी पी. सुंदरराज के सख्त निर्देश, हर जिले में गठित हुई विशेष टीमें


Download Android App
Download iOS App




