दिल्ली के सीएम शपथ ग्रहण में कैलाश खेर की प्रस्तुति, संगीत से सजेगा समारोह

Summary :

कैलाश खेर दिल्ली के लोगों को संगीतमय उपहार देने के लिए तैयार

दिल्ली की शालीमार विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। गायक कैलाश खेर शपथ ग्रहण समारोह में प्रस्तुति देंगे। खेर ने सोशल मीडिया पर एक मोशन पोस्टर शेयर कर बताया कि वह दिल्लीवासियों को संगीतमय उपहार देने के लिए तैयार हैं। कैलाश खेर ने ‘ये शंखनाद है’ का एक पोस्टर शेयर कर प्रशंसकों को बताया कि वह दिल्ली के लोगों को संगीतमय उपहार देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने लिखा, “शपथ ग्रहण के साथ-साथ इस ऐतिहासिक तथा साहसिक विजय की बधाई स्वरूप, दिल्ली के परमात्म स्वरूपी हर दिल्लीवासी को यह संगीतमय उपहार।

अपने म्यूजिक बैंड का उल्लेख करते हुए खेर ने आगे लिखा, “कैलाश खेर और कैलासा दिल्ली विजय को समर्पित गीत ‘ये शंखनाद है’ की प्रस्तुति देंगे। शेयर किए गए पोस्टर में कैलाश खेर भारतीय जनता पार्टी के झंडे के बीच खड़े नजर आए। मोशन पोस्टर के साथ उन्होंने अपने गाने ‘ये शंखनाद है’ को भी जोड़ा। कैलाश खेर और कैलासा एंटरटेनमेंट ने ‘ये शंखनाद है’ को कंपोज किया है। राजधानी के सभी नागरिकों को समर्पित यह वीडियो ना केवल एक राजनीतिक जीत का जश्न मनाता है बल्कि दिल्ली में एक उज्जवल, विकसित भविष्य की आकांक्षा का भी जश्न मनाता है।

जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में फिल्म जगत की कई हस्तियां शामिल हो सकती हैं। इस सूची में अभिनेता अक्षय कुमार, विवेक ओबेरॉय के साथ मथुरा की सांसद-अभिनेत्री हेमा मालिनी समेत अन्य फिल्मी हस्तियों के नाम शामिल हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो कैलाश खेर का नया गाना ‘आदिनाथ शंभू’ महाशिवरात्रि के अवसर पर रिलीज होने के लिए तैयार है। खेर ने बात कर अपना उत्साह व्यक्त किया था। उन्होंने बताया कि यह गाना भगवान भोलेनाथ को समर्पित है, जो बेहद खास है।

खेर ने बताया था कि भगवान भोलेनाथ को समर्पित गाने के साथ और भी खास बातें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा, ” ‘आदिनाथ शंभू’ गीत महाशिवरात्रि के अवसर पर रिलीज होगा, जिसकी रिकॉर्डिंग चल रही है। सबसे अच्छी बात यह है कि भगवान भोलेनाथ को समर्पित गाने को मेरे बड़े भाई शांतनु मुखर्जी, जिन्हें हम प्यार से शान कहते हैं, इस प्रोजेक्ट को लीड कर रहे हैं। उन्होंने इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक हिट दी है और हमें उन पर गर्व है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.