Lookout Notice Issued Against Kolkata DCP: कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) शांतनु सिन्हा बिस्वास को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया है। एजेंसी को आशंका है कि वे देश छोड़कर भागने की कोशिश कर सकते हैं। यह कार्रवाई बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईडी ने बताया कि शांतनु बिस्वास को इस मामले में कई बार पूछताछ के लिए समन भेजा गया था। लेकिन वे अब तक एजेंसी के सामने उपस्थित नहीं हुए। जांच अधिकारियों का कहना है कि उनकी भूमिका संदिग्ध लग रही है, इसलिए उनसे पूछताछ जरूरी है।
Lookout Notice Issued Against Kolkata DCP: सोना पप्पू का आपराधिक नेटवर्क

सूत्रों के अनुसार, दक्षिण कोलकाता के बालीगंज इलाके में रहने वाले बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू पर कई गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ जमीन कब्जाने, रंगदारी वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत कई केस दर्ज हैं। ईडी को शक है कि उसके जरिए बड़े पैमाने पर अवैध पैसों का लेनदेन किया गया।
इन्हीं आरोपों के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। इस मामले में व्यवसायी जय कामदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच आगे बढ़ाते हुए एजेंसी ने हाल ही में शांतनु बिस्वास के फर्न रोड स्थित घर पर छापा भी मारा था।
छापे के बाद सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे DCP
छापेमारी के बाद से शांतनु बिस्वास सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। इसके बाद ईडी ने उन्हें और उनके दो बेटों—सायंतन और मनीष—को सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया था। लेकिन तय तारीख पर कोई भी उपस्थित नहीं हुआ। यह पहला मामला नहीं है जब शांतनु बिस्वास का नाम सामने आया हो। इससे पहले भी उन्हें रेत तस्करी से जुड़े एक अन्य मामले में ईडी ने बुलाया था। उस समय भी वे खुद पेश नहीं हुए थे और उनकी जगह उनके वकील एजेंसी के दफ्तर पहुंचे थे।
पूछताछ बेहद जरूरी: ED
ईडी अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में शांतनु बिस्वास से पूछताछ बेहद जरूरी है। उनकी लगातार अनुपस्थिति और फरार होने की आशंका को देखते हुए ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
फिलहाल ईडी इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना है। एजेंसी का कहना है कि सभी आरोपों की पूरी तरह जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App




