महाकुंभ: अफवाह फैलाने वाले 137 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई

Summary :

उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया की सघन मॉनिटरिंग कर रही है

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित भव्य महाकुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। यहां राज्य सरकार और मेला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए उचित व्यवस्था की गई है। लेकिन, कुछ लोग सोशल मीडिया पर चंद व्यूज पाने के लिए अफवाह फैला रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ यूपी पुलिस ने एक्शन लेना शुरू कर दिया है। यूपी पुलिस के अनुसार, प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ से संबंधित भ्रामक पोस्ट करने वाले 11 मामलों में कुल 137 विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा निरंतर सोशल मीडिया की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान यह प्रकाश में आया है कि बीते एक माह के भीतर कुछ तत्वों द्वारा महाकुंभ के खिलाफ भ्रामक नैरेटिव तैयार करने की साजिश की जा रही है और प्रयास किया जा रहा है कि कैसे उत्तर प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल किया जाए।

ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट को चिह्नित करके उनके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी कड़ी में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान 21 फरवरी को यह संज्ञान में आया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट से पाकिस्तान के वीडियो को भ्रामक रूप से महाकुंभ का बताकर यह अफवाह फैलाई जा रही है कि महाकुंभ जाने वाली बस नाले में गिर गई, जिसमें 10 बच्चे और एक आदमी की मौत हो गई।

इस वीडियो को लेकर यूपी पुलिस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। पोस्ट में लिखा, “पाकिस्तान में हुई दुर्घटना के वीडियो को भ्रामक रूप से महाकुंभ प्रयागराज का बताकर अफवाह फैलाने वाले विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट के विरुद्ध कुंभ मेला पुलिस द्वारा एफआईआर पंजीकृत करके वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कृपया तथ्यों को सत्यापित किए बिना सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक पोस्ट न करें। पाकिस्तान से संबंधित इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर 36 सोशल मीडिया अकाउंट के विरुद्ध कोतवाली कुंभ मेला पुलिस में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.