Mainpuri Building Collapse: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के आठपुरा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मकान की कच्ची दीवार और टीनशेड ढहने से इसके नीचे सो रहे एक ही परिवार के 6 सदस्य मलबे में दब गए। जिसमें मां और दो मासूम बेटा-बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता और दो अन्य बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं।
मलबे में दबने से 3 लोगों की मौत
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव आठपुरा में रहने वाले बृजेश कुमार जाटव का गांव में कच्चा मकान बना हुआ है। मंगलवार को वह रात के करीब 11 बजे अपनी पत्नी और 4 बच्चों के साथ कच्ची दीवार के ऊपर रखी टिनशेड के नीचे लेटे हुए थे। तभी अचानक कच्ची दिवार गिर गई और उसपर रखा टिन शेड भी भर-भराकर गिर गया।
दिवार के मलबे के नीचे परिवार के सभी सदस्य दब गए। चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। जब तक सबको बाहर निकाला गया, तब तक बृजेश कुमार की 40 बर्षीय पत्नी रुबी, 13 वर्षीय बेटी बेबी और 8 बर्षीय बेटे दिलीप कुमार की मौत हो चुकी थी।
पिता और दो बेटियां घायल
हादसे में बृजेश कुमार और उनकी दो बेटियां, गुड़िया और पल्लवी गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर सूचना मिलने ही इंस्पेक्टर ललित भाटी मय पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। इसके अलावा तीन मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसे में दो बच्चों सहित तीन की मौत हुई है।
टीनशेड के नीचे सो रहे परिवार पर गिरा मलबा
घायल बृजेश कुमार ने बताया कि वह अपने मकान का निर्माण करा रहे थे, जिसके लिए उन्होने कच्ची दीवार के पास ही दूसरी दीवार बनाने के लिए नींव खोदी हुई थी। तीन-चार दिन से काम चल रहा था। मंगलवार रात सभी बच्चे और उनकी पत्नी टीन शेड के नीचे सो रहे थे। तभी अचानक से रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच खंभा टूटने की आवाज आई।
हम टीन की तरफ भागे लेकिन तब तक कच्ची दीवार और टीनशेड भरभरारकर नीचे गिर पड़े। हमारे हाथ टीन के बाहर थे। बाकी हम सब मलबे में दबे हुए थे। हमने चिल्लाने शुरू किया, तब जाकर मोहल्ले वाले आए। तब लोगों ने हमको निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कच्ची दिवार के पास खोदी गई नींव में पानी भर गया गया था, जिससे कच्ची दीवार भी एक तरफ झुक गई थी।
यह भी पढ़ें: हवाई यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी, अब 60% सीटों पर होगा फ्री अलॉटमेंट, नहीं लगेगा एकस्ट्रा चार्ज























