Metro Timings on Holi 2026: होली के मौके पर अगर आप मेरठ में मेट्रो या नमो भारत ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। त्योहार के कारण दोनों ट्रेन सेवाओं के समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। होली के दिन यानी 4 मार्च को मेरठ में चलने वाली मेट्रो और नमो भारत ट्रेन की सेवाएं सामान्य समय पर उपलब्ध नहीं रहेंगी। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बुधवार को दोनों ट्रेन सेवाएं शाम 5 बजे तक बंद रहेंगी। यात्रियों के लिए सेवाएं शाम 5 बजे से शुरू होकर रात 10 बजे तक संचालित की जाएंगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यात्रा करने से पहले ट्रेन की टाइमिंग जरूर जांच लें, ताकि त्योहार के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। होली के चलते यात्रियों की संख्या और शहर की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
Metro Timings on Holi 2026: नॉर्मल दिनों में ट्रेन सेवाओं का समय

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने बताया है कि नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो (Meerut Metro Timings) अब नियमित रूप से सोमवार से रविवार तक सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चल रही हैं। यानी सप्ताह के सभी दिनों में दोनों सेवाओं का समय समान रखा गया है। इसके अलावा मेरठ मेट्रो का किराया भी पहले ही जारी किया जा चुका है, जिससे यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में आसानी हो रही है।
प्रधानमंत्री ने किया था उद्घाटन

मेरठ मेट्रो और नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन हाल ही में 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इस परियोजना के तहत 82.15 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को जनता के लिए शुरू किया गया। यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तेज और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
दिल्ली से मेरठ की यात्रा अब सिर्फ 55 मिनट

नमो भारत कॉरिडोर शुरू होने के बाद दिल्ली और मेरठ के बीच सफर काफी तेज और आसान हो गया है। अब यह दूरी लगभग 55 मिनट में तय की जा सकती है, जबकि पहले लोगों को दो घंटे या उससे ज्यादा समय लगता था। यह देश का पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) है, जिसका उद्देश्य एनसीआर के शहरों के बीच हाई-स्पीड कनेक्टिविटी प्रदान करना है। परियोजना के अंतिम चरण में दिल्ली के सराय काले खां स्टेशन को मेरठ के शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों से जोड़ा गया है। साथ ही मेरठ शहर के भीतर करीब 23 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो सेवा भी शुरू की गई है।
पहले ही दिन रिकॉर्ड संख्या में यात्रियों ने किया सफर

उद्घाटन के बाद नमो भारत ट्रेन को यात्रियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। सेवा शुरू होने के अगले ही दिन एक लाख से अधिक लोगों ने इस ट्रेन में सफर किया। एनसीआरटीसी के अनुसार, एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों का सफर करना अब तक का रिकॉर्ड रहा। यात्रा के दौरान ट्रेन के कोच देशभक्ति के नारों से गूंजते नजर आए, जिससे लोगों में इस नई सुविधा को लेकर उत्साह साफ दिखाई दिया।
Namo Bharat Timings on Holi: यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
होली के दिन यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं और बदले हुए समय को ध्यान में रखें। सही समय पर स्टेशन पहुंचकर ही सफर करें, ताकि त्योहार का आनंद बिना किसी परेशानी के लिया जा सके।






















