Noida Dead Bodies In Car: प्यार के मौसम और वैलनटाइन के दिन नोएडा से एक ऐसी घटना सामने आई जिसने सभी को हैरान कर दिया है। नोएडा सेक्टर-107 स्थित एलिवेटेड रोड पर पिलर नंबर-84 के पास कार में युवक-युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कार अंदर से लॉक थी। जब वाहन की जांच की गई तो अंदर युवक और युवती के सिर में गोली लगी हुई थी। युवक के हाथ में पिस्टल भी बरामद हुई। माना जा रहा है कि पहले प्रेमी ने प्रेमिका के सिर पर गोली मारी होगी फिर खुद आत्महत्या कर दी।
Noida Dead Bodies In Car

मृतकों की पहचान सुमित (32), निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली और रेखा (26), निवासी सलारपुर, सेक्टर-101 नोएडा, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले 12-15 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों की लव स्टोरी जारी थी। दोनों अलग-अलग जाति से थे, जिसके कारण उनकी शादी नहीं हो पा रही थी। बताया जा रहा है कि लड़के का परिवार शादी के लिए तैयार था, लेकिन लड़की का परिवार सहमत नहीं था। युवक रोज युवती को ऑफिस छोड़ने और लेने जाता था।
Noida Girl Boy Murder Case
पुलिस को कार से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें लिखा है, “रेखा मुझसे शादी नहीं कर रही है…”। इसी आधार पर पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। हालांकि, मृतक युवक के परिजनों ने युवती के परिवार पर शक जताया है और घटना में साजिश की आशंका व्यक्त की है। इसी कारण पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावित एंगल से भी जांच कर रही है।
Noida Murder Case

इस मामले में अब मौत की वजह को लेकर नए एंगल सामने आ रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। यह मामला नोएडा सेक्टर 39 थाना क्षेत्र का है। नोएडा डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि कार के अंदर से युवक-युवती के शव बरामद हुए हैं और एक पिस्टल भी मिली है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।




















