उर्दू के नाम पर बना दिया पाकिस्तान : प्रेम शुक्ला

Summary :

उर्दू की वकालत में धर्म विशेष का समर्थन: प्रेम शुक्ला

उत्तर प्रदेश में उर्दू भाषा को लेकर मचे सियासी घमासान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने मंगलवार को कहा कि जब उर्दू की वकालत की जाती है, तो तब दिखाई देता है कि धर्म विशेष की बात हो रही है।

प्रेम शुक्ला ने आईएएनएस से कहा, “उर्दू भाषा के मूल में अवधी भाषा है, लेकिन वह (विपक्ष) बार-बार अवधी भाषा का विरोध करेंगे। इतना ही नहीं, वह भोजपुरी, मैथिली समेत कई भाषाओं का विरोध करने के लिए खड़े हो जाते हैं। वहीं, जब उर्दू की वकालत करते हैं, तब संभावित तौर पर दिखाई देता है कि धर्म विशेष की बात कर रहे हैं। बांटने वाले लोगों ने उर्दू के नाम पर पाकिस्तान जैसा देश खड़ा कर दिया। इस तरह की मानसिकता के लोग ही उर्दू का अंधा समर्थन और लोक भाषाओं का विरोध करते हैं।”

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा, “दलितों के विरोध में कांग्रेस है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का बार-बार अपमान करने वाली कांग्रेस का एक नेता अब मायावती का गला घोटने की बात कर रहा है। एक जमाने में मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में मायावती की हत्या का प्रयास किया गया था। अगर उदित राज को भी मौका मिलेगा, इसमें कोई संदेह नहीं है कि मायावती की हत्या करने से कांग्रेसी बाज नहीं आएंगे।”

मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को लेकर उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने किसी भी मुख्य निर्वाचन आयोग की नियुक्ति पर स्थगन आदेश नहीं दिया है। राहुल गांधी को भारत की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नियुक्त किए गए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को समर्थन देना चाहिए था, लेकिन उनके पास सार्थक सुझाव नहीं था, इसलिए वह ऐसी बातें कर रहे हैं।”

उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी, पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ाएगी और जब सरकार आम जनता के बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने की बात करती है, तो ये लोग उर्दू थोपने की वकालत करने लगते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.