भारत से व्यापारिक संबंध टूटने के बाद खस्ता पड़ी पाकिस्तान की हालत, करोबार पर पड़ा असर

Summary :

भारत से व्यापारिक संबंध टूटने के बाद बिगड़ी पाकिस्तान की हालत

पहलगाम अटैक के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ सभी प्रकार के व्यापारिक रिश्ते खत्म करने का फैसला लिया था. जिसका असर अब पाकिस्तान में दिखने लगा है. इस फैसले का सबसे सीधा असर सेंधा नमक के आयात पर पड़ा है, जिसे भारत बड़ी मात्रा में पाकिस्तान से मंगवाता रहा है.

India-Pakistan Conflict: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी. इस घटना के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ सभी प्रकार के व्यापारिक रिश्ते खत्म करने का फैसला लिया था. जिसका असर अब पाकिस्तान में दिखने लगा है. इस फैसले का सबसे सीधा असर सेंधा नमक के आयात पर पड़ा है, जिसे भारत बड़ी मात्रा में पाकिस्तान से मंगवाता रहा है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के खेवड़ा क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी सेंधा नमक की खदानें स्थित हैं. यहां लगभग 30 प्रोसेसिंग इकाइयां कार्यरत हैं, जो नमक को संसाधित कर निर्यात योग्य बनाती हैं. साल 2024 में पाकिस्तान ने लगभग 3.5 लाख टन सेंधा नमक का निर्यात किया था, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 12 करोड़ अमेरिकी डॉलर के आसपास थी.

पाक कारोबारियों को झटका

पाकिस्तान की नमक निर्यातक कंपनी ‘गनी इंटरनेशनल’ के सीनियर निदेशक मंसूर अहमद का कहना है कि भारत उनकी सबसे बड़ी मंडियों में से एक था. वहां सेंधा नमक को प्रोसेस कर महंगे दामों पर दुनिया भर में बेचा जाता था. अब भारत द्वारा आयात बंद करने से इस पूरी सप्लाई चेन पर विराम लग गया है.

सेंधा नमक की बढ़ती वैश्विक मांग

सेंधा नमक अपने प्राकृतिक गुणों और स्वास्थ्य लाभों के चलते वैश्विक बाजार में लगातार लोकप्रिय हो रहा है. मंसूर अहमद का यह भी कहना है कि भारत, पाकिस्तान और चीन इस बाजार में प्रमुख खिलाड़ी हैं, लेकिन खनिज दृष्टि से शुद्ध सेंधा नमक केवल पाकिस्तान के खेवड़ा इलाके में ही मिलता है.

चीन बना नया ग्राहक

भारत द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद पाकिस्तान के निर्यातकों ने नए बाजारों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है. ‘इत्तेफाक कंपनीज’ के सीईओ शहजाद जावेद ने बताया कि 2025 की पहली तिमाही में चीन को नमक निर्यात में 40% की वृद्धि दर्ज की गई है. मार्च 2025 में पाकिस्तान ने चीन को 18.3 लाख डॉलर मूल्य का करीब 136 करोड़ किलोग्राम सेंधा नमक निर्यात किया.

अब पाकिस्तान अमेरिका, वियतनाम, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, तुर्किये, नीदरलैंड, इटली, ब्रिटेन, जर्मनी, ब्राजील, यूएई, जापान, सिंगापुर, चिली, दक्षिण अफ्रीका और रूस जैसे नए बाजारों में संभावनाएं तलाश रहा है.

India-Pakistan Conflict:

भारत में कीमतों में भारी बढ़ोतरी

भारतीय बाजार में सेंधा नमक की कमी के चलते इसकी खुदरा कीमतों में तेज उछाल देखा गया है. पहले जहां यह नमक 45–50 रुपये प्रति किलो में मिलता था, वहीं अब इसकी कीमत 70–80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. ‘सेंधा नमक विनिर्माता संघ’ (SMAP) की प्रमुख साइमा अख्तर के अनुसार, यह वृद्धि पूरी तरह आपूर्ति श्रृंखला के बाधित होने के कारण हुई है.

क्या खामेनेई को सता रहा मौत का डर? ईरान के अगले सुप्रीम लीडर के लिए चुने 3 नाम

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।