Sidhauli Overloaded Truck Action: सिधौली तहसील क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के कारण जर्जर हो रही सड़कों और बढ़ते हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को एसडीएम और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर मौरंग लदे पांच ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों और चालकों में हड़कंप मचा रहा।
सघन चेकिंग से मची खलबली
उप जिलाधिकारी राखी वर्मा एवं एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते ने क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सड़क सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान टीम ने पांच ऐसे ट्रकों को रोका, जिनमें निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक मौरंग लदी हुई थी। कागजों और वजन के मिलान में भारी विसंगति पाए जाने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
भारी-भरकम जुर्माना, दी सख्त चेतावनी
पकड़े गए सभी पांचों ट्रकों को तत्काल प्रभाव से सीज कर सिधौली में खड़ा कराया गया है। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि इन वाहनों पर कुल 5,06,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने दो टूक कहा कि ओवरलोडिंग के कारण न केवल राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि सड़कें भी समय से पहले दम तोड़ रही हैं।
जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल और प्रवर्तन टीम मुस्तैद रही। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ALSO READ: शर्मसार! अंधविश्वास में अंधी हुई मां, बीमार बेटे को ठीक करने के लिए दी बेटी की बलि






















