महाकुंभ मेले के तीसरे दिन त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Summary :

महाकुंभ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, एनडीआरएफ ने तैनात की जल एम्बुलेंस

13 जनवरी से शुरू हुए 45 दिवसीय महाकुंभ के तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगाई। महाकुंभ 2025 के पहले दो दिनों में 5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगा दी है। मकर संक्रांति पर महाकुंभ 2025 के पहले अमृत स्नान के दौरान, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने हेलीकॉप्टर से भव्य पुष्प वर्षा का आयोजन किया, जिसमें संगम तट पर करोड़ों श्रद्धालुओं पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गई। सभी घाटों और अखाड़ों पर पुष्प वर्षा की गई। गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा का नजारा देख श्रद्धालु अभिभूत हो गए और उन्होंने जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे लगाए।

CM योगी आदित्यनाथ ने जताया आभार
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ को सनातन धर्म की अपार शक्ति और आस्था का प्रतीक बताया। सीएम योगी ने कहा कि पहले अमृत स्नान के दिन साढ़े तीन करोड़ से अधिक पूज्य संतों और श्रद्धालुओं ने शाश्वत और पावन त्रिवेणी संगम में स्नान का पुण्य कमाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के पहले अमृत स्नान के सफल आयोजन में शामिल सभी विभागों और संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया। महाकुंभ से जुड़े सभी पूज्य अखाड़ों, महाकुंभ मेला प्रशासन, स्थानीय अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, सफाई कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, नाविकों और केंद्र व राज्य सरकार के सभी विभागों का धन्यवाद भी किया।

पुलिस की कड़ी सुरक्षा

महाकुंभ मेले में सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस और अर्धसैनिक बलों सहित 10,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संगम पर “जल एम्बुलेंस” तैनात की है। चिकित्सा सुविधाओं से लैस और डॉक्टरों और एनडीआरएफ अधिकारियों द्वारा संचालित यह एम्बुलेंस पूरे आयोजन के दौरान 24/7 संचालित होगी। सुरक्षा बढ़ाने के लिए मेला क्षेत्र में और उसके आसपास अंडरवाटर ड्रोन और 2,700 एआई-सक्षम कैमरे लगाए गए हैं।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।