सपा नेता मनीष जगन गिरफ्तार, सपा कार्यालय के बाहर कड़ी सुरक्षा

Summary :

पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर के पास की सुरक्षा बढ़ाई

समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की जानकारी सपा के सोशल मीडिया मंच से दी गई है और आरोप भी लगाए गए हैं। मामले की सतर्कता के लिए यूपी पुलिस ने सपा कार्यालय और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर के पास की सुरक्षा बढ़ा दी है। सपा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल को लखनऊ पुलिस जबरन उनके आवास से उठा ले गई है। जगन हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं और उनकी पत्नी भी गर्भवती हैं। यदि मनीष जगन जी या उनके परिवार को कोई हानि होती है तो उसकी जिम्मेदारी लखनऊ पुलिस होगी।

उधर लखनऊ पुलिस ने अपने जवाब में लिखा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से समाज में लगातार नकारात्मकता, अशांति और हिंसा उत्पन्न करने की प्रबल संभावना के निवारणार्थ मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की गई। सपा की वरिष्ठ नेता जूही सिंह ने पुलिस को सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए लिखा कि निरंतर हमारी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, आदरणीय नेता के विरुद्ध भ्रामक और निम्न स्तर की भाषा का प्रयोग किया जाता है सोशल मीडिया पर, उससे अशांति, नकारात्मकता उत्पन्न होने की प्रबल संभावना नहीं होती? कार्रवाई का मापदंड अलग-अलग और आपकी सुविधानुसार होता है?

सपा नेता मनीष जगन की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को राजधानी लखनऊ के सपा कार्यालय में नेताओं की आवाजाही शुरू हो गई है। सपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन के अंदेशे को लेकर सपा कार्यालय और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस दौरान कई जगह बैरीकेडिंग भी की गई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.