पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास में वीजा का काम बंद, हिंसक प्रदर्शन के कारण सुरक्षा अलर्ट जारी

US Embassy in Pakistan Updates

US Embassy in Pakistan Updates: पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों के बाहर हो रहे हिंसक प्रदर्शनों के बीच अमेरिका ने सुरक्षा अलर्ट जारी कर 2 मार्च की वीजा सेवाएं रद्द कर दी हैं। लाहौर और कराची में जारी हिंसा और इस्लामाबाद-पेशावर में संभावित विरोध को देखते हुए अमेरिकी कर्मचारियों को घर पर रहने और सीमित गतिविधि रखने के निर्देश दिए गए हैं।

American Citizens Advisory: अमेरिकी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी – प्रमुख निर्देश:

  • दूतावास ने सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
  • भीड़-भाड़ वाले स्थानों और किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन से दूर रहने को कहा गया है।
  • अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा योजना की समीक्षा करें और सतर्कता बनाए रखें।
  • लो-प्रोफाइल में रहें और हमेशा अपना पहचान पत्र (ID) साथ रखें।
  • स्थानीय मीडिया और आधिकारिक स्रोतों से लगातार अपडेट लेते रहें।
  • Smart Traveler Enrollment Program (STEP) में अपना रजिस्ट्रेशन और जानकारी अपडेट रखें।
  • अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों को अगली सूचना तक अपनी आवाजाही सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

खामेनेई की मौत के बाद कराची में हिंसक प्रदर्शन

वहीं ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची में हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। इस बीच इस्लामाबाद में स्थित अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को ऐलान किया है कि पिछले दिन हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद वीजा अपॉइंटमेंट के साथ-साथ अमेरिकी नागरिक सेवाएं भी आज के लिए कैंसिल कर दी गई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में अमेरिकी दूतावास ने कहा, “आज, 2 मार्च को इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास और कराची और लाहौर में अमेरिकी कांसुलेट जनरल में यूएस वीजा और अमेरिकी नागरिक सेवाओं के सभी अपॉइंटमेंट कैंसिल कर दिए गए हैं।”

US Embassy Visa Services Suspended: रविवार को बिगड़े और हालात

बता दें, रविवार को कराची और लाहौर में अमेरिकी कांसुलेट जनरल के बाहर हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। इसके अलावा, इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास और पेशावर में कांसुलेट जनरल में भी प्रदर्शन की योजना बनाई गई। दरअसल, खामेनेई की मौत को लेकर शिया समुदाय के लोग बड़ी संख्या में प्रदर्शन करने के लिए बाहर आए। अमेरिकी दूतावास ने पाकिस्तान में अमेरिकी नागरिकों को लोकल खबरों पर नजर रखने और व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर सलाह दी है।

पाकिस्तान अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून का दावा

इस बीच, पाकिस्तान के बड़े अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे पाकिस्तान में झड़पों में कम से कम 23 प्रदर्शनकारी मारे गए। इनमें कराची में अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर 10 लोग और पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगित बाल्टिस्तान के स्कार्दू जिले में 11 लोग शामिल हैं। गिलगित बाल्टिस्तान में भीड़ ने यूएन ऑफिस में आग लगा दी, जबकि इस्लामाबाद में दो लोग मारे गए। सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो में कराची में अमेरिकी कांसुलेट के दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर आग लगा दी गईं और कॉन्सुलेट परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल दिखा, जिसमें प्रदर्शनकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे थे और सिक्योरिटी वालों से भिड़ रहे थे।

US Embassy in Pakistan Updates: हमला का वीडियो वायरल

बता दें कि प्रदर्शनकारियों को खिड़कियां तोड़ते और गार्ड एरिया पर लाठियों से हमला करते देखा गया। इसके बाद लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियों ने प्रदर्शनकारियों को जोरदार जवाब दिया। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पीओजीबी के स्कार्दू और गिलगित इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने भारत और पाकिस्तान में यूनाइटेड नेशंस मिलिट्री ऑब्जर्वर ग्रुप (यूएनएमओजीआईपी) के ऑफिस में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने एक स्कूल, पुलिस अधीक्षक के ऑफिस और आगा खान रूरल सपोर्ट प्रोग्राम (एकेआरएसपी) के ऑफिस में भी आग लगा दी। पीओजीबी पुलिस ने स्कार्दू में कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें –कुवैत मंत्रालय ने दी जानकारी, ईरानी हमले में अमेरिका के कई फाइटर जेट क्रैश, US को झटका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।