चीन से शुरू हुए कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप भारत समेत 205 से अधिक देशों में वैश्विक स्तर पर फैल चुका है। देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है और संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक देश मे कोरोना पीड़ित लोंगो की संख्या 13,000 को पार कर चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में संक्रमित लोगों की संख्या 13,387 हो गयी है। इसमें 11,201 लोग अभी भी कोविड-19 वायरस से पीड़ित हैं, जबकि 1748 लोगों इस वायरस से मुक्त हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार सुबह तक 437 लोगों की अब तक इस वायरस के कारन मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1,007 और मौत के 23 नए मामले सामने आए हैं।
बता दें कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र सरकार के तरफ से 3 मई तक देशव्यापी लॉकडाउन जारी है। इस वायरस से निपटने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारें तमाम हथकंडे अपना रही है। देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा संक्रमण वाले इलाकों में आवाजाही पर बंदिशों के साथ लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है।
अमेरिका : 24 घंटों में कोरोना से 4,491 लोगों की मौत, मृतकों का कुल आंकड़ा 32,000 के पार
वहीं कोविड-19 वायरस की रोकथाम के लिए एक बार फिर ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स की आज बैठक होने वाली है। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन करेंगे। इसके साथ ही साथ बैठक में केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, गृह राज्य मंत्री नित्या नन्द राय केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पृरी समेत कई और मंत्री शिरकत करेंगे।
आज की बैठक में खास बात यह है कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत भी हिस्सा लेंगे। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ पहली बार इस बैठक में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कोरोना के साथ साथ सुरक्षा के मसले पर भी आज ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स की बैठक में चर्चा हो सकती है।
गुरुवार शाम से 17 मौतें हुई हैं, जिनमें से सात महाराष्ट्र में, छह दिल्ली में, तीन पश्चिम बंगाल में और एक तमिलनाडु में हुईं।
देश में कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज्यादा 194 मौतें महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद मध्य प्रदेश में 53, दिल्ली में 38, गुजरात में 36 और तेलंगाना में 18 मौतें हुई हैं। तमिलनाडु में 15 मौतें हुई हैं जबकि आंध्र प्रदेश में 14 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा पंजाब, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में 13-13 मौतें हुई हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पश्चिम बंगाल में 10 और जम्मू-कश्मीर में चार मौतें हुई हैं। केरल, हरियाणा और राजस्थान में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा झारखंड में दो लोगों की मौत हुई है। वहीं मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक मौत हुई हैं। राजस्थान में कोविड-19 के मामले 1,131 हो गए हैं, जबकि मध्य प्रदेश में 1,120, गुजरात में 930 और उत्तर प्रदेश में 805 मामले हैं। तेलंगाना में 700 मामले, जबकि आंध्र प्रदेश में 554 और केरल में 395 मामले हैं।
कर्नाटक में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 315 हो गई है, जम्मू-कश्मीर में 314, पश्चिम बंगाल में 255 और हरियाणा में 205 है। पंजाब में अब तक 186 संक्रमण के मामले सामने आए हैं। बिहार में कोरोना वायरस के 80 मामले सामने आए हैं, जबकि ओडिशा में 60 मामले हैं। उत्तराखंड में 37 लोग वायरस से संक्रमित हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश और असम में 35-35 मामले हैं। छत्तीसगढ़ में 33 मामले हैं। झारखंड में 28 मामले, चंडीगढ़ में 21 मामले और लद्दाख में 18 मामले दर्ज किए गए हैं।
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह से 11 मामले सामने आए हैं। मेघालय, गोवा और पुडुचेरी से कोविड-19 के सात-सात मामले सामने आये हैं। मणिपुर और त्रिपुरा में दो-दो मामले हैं, जबकि मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक मामला दर्ज किया गया है। मंत्रालय की वेबसाइट पर यह भी कहा गया कि नगालैंड के एक कोविड-19 मरीज को असम में स्थानांतरित कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



