देश में नयी-नयी तकनीकों के विकास से युवाओं को जोड़ने के लिए जल्दी ही कृषि से संबंधित 25 प्रशिक्षण एवं सुविधा केंद्र स्थापित किये जायेंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक त्रिलोचन महापात्रा ने मंगलवार को विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर कृषि स्टार्टअप एवं उद्यमिता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश में कृषि से संबंधित 25 प्रशिक्षण एवं सुविधा केंद्र चल रहे हैं जिसे जल्दी ही बढाकर 50 किया जायेगा।
डॉ महापात्रा ने कहा कि कृषि स्टार्टअप से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि इससे कृषि और किसानों को फायदा होगा। कृषि स्टार्टअप की शुरुआत 2008 से हुयी थी लेकिन इसकी गति काफी धीमी थी।
पिछले चार साल के दौरान इसमें तेजी लायी गयी है। उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की एक हजार प्रौद्योगिकी का लाभ आम लोगों को मिले, इसके लिए लाइसेंस जारी किये किये गये हैं। वैज्ञानिक उद्यमियों की समस्याओं को जानना चाहते हैं और उसका समाधान करना चाहते हैं। उद्यमियों से किसानों को जोड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं ताकि इससे दोनों को लाभ हो।


Download Android App
Download iOS App



