भारत में एक दिन में कोविड-19 के 42,982 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,18,12,114 हुई जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4,11,076 हो गयी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बृहस्पतिवार को अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 533 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,26,290 हो गयी।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 1.29 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 के स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 97.37 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 723 की वृद्धि हुई है।
देश में पिछले साल सात अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।
इस बीच देश में बुधवार को 35 लाख 55 हजार 115 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये तथा अब तक 48 करोड़ 93 लाख 42 हजार 295 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 1505 घटकर 76224 रह गये हैं। इसी दौरान राज्य में 7436 मरीजों के स्वस्थ हाेने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 6117560 हो गयी है, जबकि 195 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 133410 हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



