देश में कोरोना (कोविड-19) के खिलाफ लड़ाई में सेना, नौसेना और भारतीय वायुसेना के साथ रक्षा मंत्रालय के कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) में दान करने का फैसला किया है। कोष में दी जाने वाली इस राशि का कुल मूल्य तकरीबन 500 करोड़ रुपये होगा।
इसके साथ ही रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अलग से अपने एक महीने का वेतन कोष में दान करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए ‘‘प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष’’ (पीएम केयर्स फंड) स्थापना की घोषणा की है।’’
प्रधानमंत्री के घोषणा करते ही कई केंद्रीय मंत्रियों, निजी संस्थाओं, उद्योगपतियों, फिल्मजगत से जुड़े कलाकार, सरकारी संगठनों और आम आदमी ने कोष में योगदान दिया है। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण लोगों की संख्या 1000 से पार जा चुकी है, जबकि इससे 26 व्यक्तियों की मौत हुई है। रक्षामंत्री ने कहा, ‘‘मैंने अपना एक महीने का वेतन पीएम केयर्स फंड में दान करने का निर्णय किया है।
मन की बात में बोले PM मोदी – लॉकडाउन का नियम तोड़ने वाले अपने जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं
आप भी इस कोष में योगदान कर सकते हैं और कोविड-19 के खतरे से लड़ने के भारत के संकल्प को मजबूत कर सकते हैं।’’ राजनाथ सिंह ने साथ ही कहा कि उन्होंने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड) चेयरमैन को पीएम केयर्स फंड के लिए एक करोड़ रुपये जारी करने के लिए कहा है।
रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि सिंह ने मंत्रालय के कर्मचारियों द्वारा कोष में एक दिन के वेतन के योगदान के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा, ‘‘अनुमान है कि सेना, नौसेना, वायुसेना, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और अन्य सहित रक्षा मंत्रालय द्वारा लगभग 500 करोड़ रुपये सामूहिक रूप से कोष में उपलब्ध कराए जाएंगे।’’ कर्मचारियों का योगदान स्वैच्छिक है और इससे बाहर रहने के इच्छुक लोगों को छूट दी जाएगी।
पीएम केयर्स फंड के जरिए देश का कोई भी नागरिक कोरोना वायरस के खिलाफ सरकार की लड़ाई में मदद एवं योगदान दे सकता है। पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष स्वस्थ भारत बनाने में काफी सहायक होगा। उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ भारत के युद्ध में सभी वर्गों से लोगों ने दान देने की इच्छा व्यक्त की थी।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कोष का गठन इसी भावना को ध्यान में रखते हुए किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह फंड कोविड-19 जैसी कई विपरित परिस्थितियों में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने का जरिया बनेगा।


Download Android App
Download iOS App



