कोयंबटूर : भारत यात्रा पर आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तमिलनाडु में कोयंबटूर जिले के पोल्लाची के 90 वर्षीय दर्जी वी एस विश्वनाथन द्वारा सिली हुई खादी की सफेद कमीज भेंट की जाएगी। विश्वनाथन के परिवार के सदस्यों ने कहा कि उन्होंने ट्रंप को कई बार टीवी और तस्वीरों में देखा, जिसके बाद उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति को कमीज भेंट किये जाने का विचार आया। उन्होंने भरोसा जताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति इसे स्वीकार करेंगे।
परिवार के सदस्यों ने कहा कि कमीज दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दी गई है। विश्वनाथन के परिवार ने कहा कि वह इससे पहले विभिन्न नेताओं को कमीज भेंट कर चुके हैं, उनमें तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्रियों दिवंगत के कामराज तथा सी एन अन्नादुरई और पूर्व राष्ट्रपति आर वेंकटरमन शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय वह दर्जी की दुकान चलाते थे, लेकिन बुढ़ापे के चलते अब वह ऐसा नहीं करते है। फिलहाल, वह नये दर्जियों को निशुल्क प्रशिक्षण देते हैं।


Download Android App
Download iOS App



