रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ी रही इसलिए उसे जनता का साथ मिला है। बघेल ने कहा कि हाईकमान जो भी तय करेगा आगे वह वही काम करेंगे। बघेल ने आज यहां भाषा से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि राज्य में विधानसभा का चुनाव संगठन मिलकर लड़ेगा। इस बार कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर चट्टान की तरह खड़े रहे। साथ ही प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने समन्वित प्रयास किया।
उन्होंने कहा, “राज्य में प्रभारी नेताओं ने पूरा समय छत्तीसगढ़ को दिया। वहीं यह बड़ी जीत जो कांग्रेस की होने जा रही है इसका पूरा श्रेय राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को जाता है। उन्होंने पूरा समय छत्तीसगढ़ को दिया और लगातार मार्ग दर्शन करते रहे। इस तरह इस जीत के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मिलकर प्रयास किया है।’’ बघेल ने कहा कि संगठन ने राज्य में प्रत्येक मुददे पर मिलकर लड़ाइयां लड़ी चाहे वह धान का मुद्दा हो, बेरोजगारी हो, आदिवासियों या महिलाओं का मुद्दा हो। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जो घोषणाएं की उसका भी असर हुआ है। इनमें ऋण माफी, बिजली का बिल आधा किया जाना, धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 2500 रुपये देना आदि शामिल था। बघेल ने कहा कि भाजपा ने इन 15 वर्षों में केवल लोगों को ठगने का काम किया है। वह भ्रष्टाचार में डूबे रहे और कमीशन खोरी करते रहे।
मुख्यमंत्री कौन होगा के सवाल पर बघेल ने कहा कि यह प्रश्न और विषय हाईकमान का है। हाई कमान ने मुझे जिम्मेदारी दी थी कि कांग्रेस का संगठन मजबूत करना है और 2018 का चुनाव जीतना है और सब लोगों को साथ लेकर चलने का जिसके कारण यह जीत हासिल हुई है। अब आगे जो भी जिम्मेदारी देनी है वह हाई कमान को तय करनी है। हाई कमान का जो भी आदेश होगा वह उस अनुरूप काम करेंगे। छत्तीसगढ़ में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 और 20 नवंबर को मतदान हुआ था। आज वोटों की गिनती जारी है। यहां कांग्रेस पार्टी बड़ी जीत की ओर अग्रसर है।


Download Android App
Download iOS App



