नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार को आश्वासन दिया कि चक्रवात ‘गज’ से उत्पन्न स्थिति का सामना करने के लिए उसे हर संभव मदद दी जायेगी। इस आपदा के कारण राज्य में अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गृह सचिव राजीव गाबा को ये निर्देश भी जारी किये कि तमिलनाडु में हालात पर नजर रखी जाए और राज्य प्रशासन को सभी प्रकार की सहायता दी जाए।
सिंह ने ट्वीट करके कहा,‘‘ तमिलनाडु में चक्रवात प्रभावित इलाकों के हालात को लेकर मुख्यमंत्री के. पलानीसामी से बात की। उन्हें आश्वस्त किया गया कि चक्रवात से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सभी प्रकार की मदद देगा। गृह सचिव को निर्देश दिया गया है कि वे घटनाक्रमों पर नजर बनाए रखें और राज्य प्रशासन को सभी प्रकार की सहायता मुहैया करायें। चक्रवाती तूफान ‘गज’ के कारण निचले इलाकों में रहने वाले 80 हजार लोगों को दूसरी जगह पहुंचाया गया है।
यह तूफान नागपट्टिनम और वेदारण्यम के बीच तमिलनाडु तट से गुजरा है और इससे तटीय इलाकों में भारी वर्षा हो रही है। चकवाती तूफान में चल रही तेज हवाओं से नागापट्टिनम और कराईकल जिलों में हजारों पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गये हैं। तूफान की वजह से अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App





