जम्मू कश्मीर विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष गुलाम हैदर मलिक समेत कांग्रेस के तीन और नेताओं ने वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के समर्थन में सोमवार को पार्टी से अपने इस्तीफे की घोषणा की। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री आजाद ने शुक्रवार को कांग्रेस के साथ अपने पांच दशक पुराने संबंधों को समाप्त करते हुए कहा था कि कांग्रेस ‘समग्र रूप से नष्ट हो चुकी है’ तथा इसका नेतृत्व आतंरिक चुनाव के नाम पर ‘धोखा दे रहा है।’
कांग्रेस पार्टी को लगातार लग रहा झटका
उन्होंने पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा था। कठुआ की बानी विधानसभा से पूर्व विधायक मलिक और दो पूर्व विधान परिषद सदस्य सुभाष गुप्ता तथा शाम लाल भगत ने पार्टी आलाकमान को अपने इस्तीफे भेज दिये हैं।आजाद के करीबी सहयोगी और पूर्व मंत्री जी एम सरूरी ने कहा, ‘‘हमें मलिक, गुप्ता और भगत से पत्र (समर्थन के) मिले हैं।’’ एक सूत्र ने बताया कि पूर्व उप मुख्यमंत्री तारा चंद, पूर्व मंत्रियों अब्दुल मजीद वानी, मनोहर लाल शर्मा और घारू राम तथा पूर्व विधायक बलवान सिंह ने भी दिल्ली में आजाद से मुलाकात की और वे मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफे के बाद उनके प्रति समर्थन की घोषणा कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



