RSS पर बैन के ‘कांग्रेस’ वचन से आक्रामक हुई BJP कहा- ये न मंदिर बनने देंगे, न शाखा चलने देंगे

Summary :

NULL

नई दिल्ली : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से जारी ‘वचनपत्र’ में सरकारी परिसरों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध लगाने का जिक्र आने के बाद सत्तारूढ़ दल BJP आक्रामक हो गयी है और उसने इस बहाने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को निशाने पर ले लिया है।

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने आज यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि कांग्रेस नेता नक्सलियों का समर्थन करते हैं, लेकिन संघ पर प्रतिबंध लगाने की बात करते हैं। जबकि कांग्रेस महासचिव दीपक बावरिया ने कुछ समय पहले अपने कार्यकर्ताओं से कहा था कि अनुशासन सीखने की जरूरत RSS से है। अब कांग्रेस के कल जारी किए गए घोषणापत्र‘वचनपत्र’में संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गयी है। उन्होंने मांग की कि श्री गांधी, श्री कमलनाथ और श्री दिग्विजय सिंह संघ पर किस तरह के प्रतिबंध की बात कर रहे हैं, यह स्पष्ट करना चाहिए और उन्हें इसके लिए माफी भी मांगना चाहिए।

उन्होंने श्री दिग्विजय सिंह को भी निशाने पर लिया और कहा कि वे सच कहते हैं कि जब वे (श्री सिंह) बोलते हैं कि कांग्रेस के वोट कटते हैं। श्री पात्रा का दावा है कि श्री सिंह इस तरह की भाषा बोलते हैं, इसलिए ही कांग्रेस के वोट कट जाते हैं। श्री पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी के संबंध में काफी आपत्तिजनक और असम्मानजनक टिप्पणी कर चुके हैं और आज फिर श्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि पीएम के लिए चौराहा ढूंढ रहे हैं। यह सब बातें कांग्रेस नेताओं को शोभा नहीं देती हैं।

देश और प्रदेश की जनता इन सब बातों को लेकर कांग्रेस को जवाब देगी। कांग्रेस की ओर से कल जारी किए गए वचनपत्र के पेज क्रमांक अस्सी पर वादा किया गया है कि शासकीय परिसरों में आरएसएस की शाखाएं लगाने पर प्रतिबंध लगाएंगे और शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को शाखाओं में छूट संबंधी आदेश निरस्त करेंगे। इस मुद्दे को लेकर भाजपा के सभी नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

Desk Team